मंत्री राजेश अग्रवाल ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं
रायपुर,पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने मंत्रालय, नवा रायपुर स्थित कार्यालय में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों और आगंतुकों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों की समस्याएं, अपेक्षाएं और सुझाव सुने।
मुलाकात के दौरान नागरिकों ने अपने-अपने क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी मंत्री को दी। मंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से मामलों की जानकारी ली।
राजेश अग्रवाल ने अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं का नियमानुसार परीक्षण कर जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में दूसरे विभागों से समन्वय की जरूरत है, वहां संबंधित विभागों से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
मंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए जनता से सीधा संवाद और उनकी समस्याओं को समझना महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े रहना और उनकी बात सुनना सुशासन की पहली सीढ़ी है। नागरिकों की शिकायतों और सुझावों पर संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध कार्रवाई होनी चाहिए।
इस दौरान नागरिकों ने विकास, जनहित और अपने क्षेत्रों की आवश्यकताओं से जुड़े सुझाव भी मंत्री के सामने रखे। लोगों ने समस्याओं को सुनने और समाधान की दिशा में पहल के लिए संतोष जताया।
राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। जनता के सुझावों से शासन को जमीनी जरूरतों को समझने और जनहित के कार्यों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने में मदद मिलती है।