सेवा संकल्प में बुजुर्गों के बीच पहुंचे मंत्री राजेश अग्रवाल, 25 वरिष्ठजनों को बांटे फल और वस्त्र
अंबिकापुर के आस्था निकुंज वृद्धाश्रम में वरिष्ठजनों से की मुलाकात, जाना हालचाल और लिया आशीर्वाद
रायपुर, सेवा संकल्प अभियान के तहत अंबिकापुर के अजीरमा स्थित आस्था निकुंज वृद्धाश्रम में वरिष्ठजनों के सम्मान और सेवा का कार्यक्रम आयोजित किया गया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल और नगर निगम महापौर मंजूषा भगत ने यहां रह रहे 25 वरिष्ठजनों को वस्त्र और फल वितरित किए।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल ने वरिष्ठजनों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने स्वास्थ्य और रोजमर्रा की जरूरतों के बारे में जानकारी ली और उनके साथ कुछ समय बिताया। वरिष्ठजनों से आत्मीय मुलाकात के दौरान उन्होंने उनका आशीर्वाद भी लिया।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि वरिष्ठजन समाज के मार्गदर्शक और आधारस्तंभ हैं। उनके जीवन का अनुभव, संघर्ष और जीवन मूल्य नई पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की सेवा और सम्मान केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानवीय दायित्व भी है।
सेवा के साथ अपनत्व का संदेश
मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के जरिए सेवा और संवेदना को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के तहत सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, पर्यावरण और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सेवा में अपनत्व और संवेदना जुड़ जाए तो उसका असर और गहरा होता है।
कार्यक्रम में वरिष्ठजनों को फल और नए वस्त्र दिए गए। इस दौरान वृद्धाश्रम का माहौल आत्मीय रहा। मंत्री ने कहा कि वरिष्ठजनों के साथ कुछ समय बिताना और उनका आशीर्वाद लेना उनके लिए भावुक और यादगार अनुभव रहा।
1993 से वरिष्ठजनों को मिल रहा आश्रय
अजीरमा स्थित आस्था निकुंज वृद्धाश्रम का संचालन रॉबर्ट कानन बाला स्मृति सेवा संस्थान द्वारा वर्ष 1993 से किया जा रहा है। संस्था को समाज कल्याण विभाग से अनुदान सहायता मिलती है। वृद्धाश्रम के माध्यम से वरिष्ठजनों को आश्रय और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
मंत्री ने लोगों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से अपनी क्षमता के अनुसार सेवा कार्यों में भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास भी किसी के जीवन में खुशी ला सकते हैं और सामूहिक भागीदारी से सेवा की भावना को व्यापक बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में कलेक्टर अजीत वसंत, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, उपसंचालक समाज कल्याण, आश्रम के प्रबंधक सहित अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।