अयोध्या-काशी की निःशुल्क यात्रा से सारंगढ़-बिलाईगढ़ के 330 से अधिक श्रद्धालुओं को मिला लाभ
श्रीराम मंदिर और काशी विश्वनाथ के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने जताया आभार
रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर संचालित श्री रामलला अयोध्या धाम तीर्थ दर्शन योजना से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 330 से अधिक नागरिक लाभान्वित हो चुके हैं। योजना के तहत जिले के 30 श्रद्धालुओं ने 21 से 24 अक्टूबर तक चार दिवसीय निःशुल्क यात्रा कर अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन किए।
यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं ने इसे जीवन का यादगार अनुभव बताया और शासन के प्रति आभार जताया। ग्राम पवनी निवासी मनोहर लाल साहू ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें रेलगाड़ी से अयोध्या और काशी जाकर दर्शन करने का अवसर मिलेगा। शासन की योजना से उनकी वर्षों पुरानी इच्छा पूरी हुई। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान भोजन, परिवहन और दर्शन की व्यवस्थाएं सुविधाजनक रहीं।
इसी तरह सारंगढ़ निवासी वृंदा यादव ने कहा कि अयोध्या और काशी के दर्शन करना उनके लिए सुखद और अविस्मरणीय अनुभव रहा। निःशुल्क यात्रा के कारण उन्हें आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ा। उन्होंने इस पहल को श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण सुविधा बताया।
राज्य शासन और जिला प्रशासन के समन्वय से संचालित इस योजना के तहत श्रद्धालुओं को परिवहन, भोजन और मंदिर दर्शन सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों और आर्थिक कठिनाइयों के कारण तीर्थ यात्रा नहीं कर पाने वाले लोगों को इसका लाभ मिल रहा है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में चयनित 30 श्रद्धालुओं को कलेक्टर और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर बिलासपुर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया था। योजना के माध्यम से शासन श्रद्धालुओं को प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध करा रहा है।