गोवर्धन पूजा पर सीएम विष्णुदेव साय ने सपत्नीक की गौमाता की पूजा-अर्चना
प्रकृति संरक्षण और गौसेवा का संदेश देता है गोवर्धन पूजा पर्व, मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की
रायपुर : गोवर्धन पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के बगिया स्थित अपने निवास में धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ गौमाता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने गौमाता को तिलक लगाकर पूजन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और गौमाता से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। साथ ही किसानों के खेत-खलिहानों में भरपूर फसल होने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, गौसेवा और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है। भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला प्रकृति के संरक्षण, जीव-जंतुओं के प्रति करुणा और सामूहिक कल्याण का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि यह संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है।
कृषि और ग्रामीण जीवन से जुड़ी है गौसेवा की परंपरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौमाता को विशेष स्थान प्राप्त है। गौवंश सदियों से कृषि परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अभिन्न हिस्सा रहा है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और समस्त जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता और संरक्षण की भावना को भी दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति के साथ संतुलन और सहअस्तित्व बनाए रखने की सीख देती है। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और गौवंश की रक्षा करने की कथा संकट के समय एकजुटता, सहयोग और लोककल्याण की प्रेरणा देती है।
छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति में भी गौवंश का विशेष महत्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति में गौवंश, खेती-किसानी और प्रकृति के प्रति गहरी आस्था रही है। गोवर्धन पूजा के साथ मनाया जाने वाला गौरा-गौरी पर्व प्रदेश की समृद्ध लोकपरंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे त्योहार नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने और परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और गौमाता से प्रार्थना की कि प्रदेश का हर परिवार सुखी और समृद्ध रहे, किसानों की फसल अच्छी हो और छत्तीसगढ़ निरंतर विकास एवं खुशहाली की दिशा में आगे बढ़ता रहे।