बिना बिजली और डीजल के खेतों तक पहुंचेगा पानी, पोंगरो में हाइड्रो पावर पंपिंग योजना का सीएम ने किया निरीक्षण
2.68 करोड़ की लागत से तैयार परियोजना से 135 किसान परिवारों को मिलेगा लाभ, 80 एकड़ खेतों में होगी सिंचाई
रायपुर : छत्तीसगढ़ में किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नई तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के ग्राम पोंगरो में घुघरी नदी पर ऐसी सिंचाई परियोजना तैयार की गई है, जिसमें बिना बिजली, डीजल, पेट्रोल या सौर ऊर्जा के नदी के बहते पानी से खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को इस नवाचारी परियोजना का निरीक्षण कर इसकी कार्यप्रणाली और किसानों को मिलने वाले लाभों की जानकारी ली।
सरगुजा संभाग की अपनी तरह की पहली इस परियोजना की खासियत यह है कि इसमें नदी के जल प्रवाह से टरबाइन पंप संचालित होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक विज्ञान और स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग से किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान किया जा सकता है। इस तकनीक से किसानों को सिंचाई के लिए बिजली और डीजल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे खेती की लागत कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने इसे पर्यावरण अनुकूल सिंचाई का उपयोगी मॉडल बताते हुए प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी अपनाने की संभावना जताई।
नदी के बहाव से संचालित होगा टरबाइन पंप
पोंगरो एनीकट से लगभग 100 मीटर नीचे प्लेटफॉर्म तैयार कर टरबाइन पंप स्थापित किया गया है। नदी के बहते पानी की ऊर्जा से चलने वाला यह पंप नदी तल से करीब 12 मीटर ऊंचाई पर स्थित और 200 मीटर दूर बनी वितरण टंकी तक पानी पहुंचाएगा। इसकी अधिकतम क्षमता 17 लीटर प्रति सेकंड पानी पहुंचाने की है। वितरण टंकी से पक्की सिंचाई नहरों और नालियों के जरिए खेतों तक पानी पहुंचाया जाएगा।
इस व्यवस्था में किसी बाहरी ऊर्जा स्रोत की जरूरत नहीं पड़ती। इससे बिजली और पारंपरिक ईंधन की खपत के साथ कार्बन उत्सर्जन से भी बचाव होगा। परियोजना को हरित ऊर्जा, जल संरक्षण और टिकाऊ कृषि की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
135 किसान परिवारों को मिलेगा फायदा
करीब 2 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना से लगभग 135 किसान परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके माध्यम से करीब 80 एकड़ कृषि भूमि में रबी और ग्रीष्मकालीन फसलों के लिए सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे किसानों की वर्षा आधारित खेती पर निर्भरता कम होगी और अतिरिक्त फसल लेने के अवसर भी बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जल संसाधनों का बेहतर उपयोग कर किसानों को वर्षभर खेती के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। पोंगरो की यह परियोजना गांवों में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों और तकनीकी नवाचार के जरिए कृषि विकास को नई दिशा दे सकती है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Tags: Pongro Hydropower Project, Jashpur News, CM Vishnu Deo Sai, Irrigation Project, Farmers Welfare, Green Energy