पीएम किसान सम्मान निधि से संवरी नरेंद्र कुमार की खेती, मिली आर्थिक मजबूती
रायपुर, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना छोटे और सीमांत किसानों के लिए आर्थिक सहारा बन रही है। नारायणपुर जिले के किसान नरेंद्र कुमार के लिए भी यह योजना खेती-किसानी को आगे बढ़ाने में मददगार साबित हुई है। सीमित कृषि भूमि और आर्थिक संसाधनों के बावजूद अब वे खेती के लिए खाद, बीज और अन्य जरूरी सामग्री की व्यवस्था पहले से बेहतर तरीके से कर पा रहे हैं।
नारायणपुर के वार्ड क्रमांक 15 डुमरतराई निवासी नरेंद्र कुमार के पास मात्र 0.368 हेक्टेयर कृषि भूमि है। इसी जमीन पर खेती कर वे अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पहले सीमित आमदनी के कारण खाद, बीज और कृषि दवाइयां खरीदने में उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार पैसों की कमी से खेती की तैयारियां भी प्रभावित होती थीं।
पीएम किसान सम्मान निधि से मिली खेती को मजबूती
कृषि विभाग से योजना की जानकारी मिलने के बाद नरेंद्र कुमार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में पंजीयन कराया। इसके तहत उन्हें हर साल 6 हजार रुपये की सहायता तीन समान किस्तों में सीधे बैंक खाते में मिलती है। इस राशि का उपयोग वे खाद, बीज और अन्य कृषि आवश्यकताओं को पूरा करने में करते हैं। समय पर आर्थिक सहायता मिलने से खेती की तैयारियों में सुविधा हुई है और कृषि कार्यों को गति मिली है।
आर्थिक सहायता से बढ़ा आत्मविश्वास
नरेंद्र कुमार के अनुसार योजना से मिलने वाली राशि खेती की लागत का कुछ हिस्सा पूरा करने में मदद करती है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आया है। वे अब अधिक आत्मविश्वास के साथ खेती कर रहे हैं और आसपास के अन्य किसानों को भी योजना की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से मिली सहायता के लिए नरेंद्र कुमार ने मुख्यमंत्री और छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार जताया है। उनका कहना है कि यह योजना छोटे किसानों के लिए खेती की जरूरतें पूरी करने में महत्वपूर्ण सहारा बन रही है।