रिसाली को 101 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, पेयजल व्यवस्था के लिए 134 करोड़ देने की घोषणा
रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्ग जिले के रिसाली नगर निगम क्षेत्र में 101 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने पेयजल व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए 134 करोड़ रुपये, सभी 40 वार्डों में नाली सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ रुपये तथा नेवई और जोरातराई के मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए 50-50 लाख रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप प्रदेश के शहरों को आर्थिक विकास, उद्योग, व्यापार और रोजगार के सशक्त केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि रिसाली में नगर निगम के 29.55 करोड़ रुपये के 22 कार्यों का भूमिपूजन और 39.56 करोड़ रुपये के दो कार्यों का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत भी विकास कार्यों की सौगात दी गई। इनमें आजाद मार्केट से प्रगति नगर होते हुए मैत्री कुंज तक 10.84 करोड़ रुपये की लागत से नाला निर्माण और डीपीएस चौक से जोहार चौक तक 5.59 करोड़ रुपये की लागत से सड़क विकास कार्य प्रमुख हैं। वहीं, वार्ड क्रमांक 18 में ओवरहेड टैंक और मैत्री नगर में उद्यान एवं प्रकाश व्यवस्था से जुड़े कार्य भी किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से नगरीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं के साथ राज्य की मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना शहरों के विकास को गति दे रही है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में रिसाली को पीएम ई-बस सेवा से भी जोड़ा जाएगा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि रिसाली के विकास के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि 18 लाख आवासों की व्यवस्था की गई है, जिनमें से 12 लाख मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है। महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 68 लाख महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है। वहीं, खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही है। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए गांवों और शहरों का संतुलित विकास जरूरी है।
कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 95 हितग्राहियों को सहायता राशि, सामग्री, प्रमाण पत्र एवं अधिकार अभिलेख प्रदान किए गए। इनमें दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र भी वितरित किए गए। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, विधायक रिकेश सेन, दुर्ग महापौर अलका बाघमार, रिसाली महापौर शशि सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।