विजय शर्मा ने सहसपुर लोहारा स्वास्थ्य केंद्र में सोनोग्राफी एवं नेत्र जांच शिविर का किया अवलोकन
रायपुर, उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसपुर लोहारा पहुंचकर आयोजित सोनोग्राफी एवं नेत्र जांच शिविर का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने तथा जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सेवाएं सहजता से पहुंचाने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में संचालित अटल आरोग्य लैब, पोषण पुनर्वास केंद्र और रक्तदान शिविर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री शर्मा ने रक्तदान शिविर में स्वेच्छा से रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। यह किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने वाला पुनीत कार्य है। रक्त की आवश्यकता किसी भी मरीज को कभी भी पड़ सकती है, इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक और प्रेरित होना चाहिए।
उप मुख्यमंत्री ने सभी रक्तदाताओं को इस मानवीय एवं जीवनरक्षक कार्य में सहभागी बनने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।