पॉलीहाउस में गुलाब की खेती से चमकी लता बुद्धन की किस्मत, नागपुर-पुणे तक पहुंच रहे राजनांदगांव के फूल
रायपुर, छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के ग्राम भदेरा नवागांव की महिला किसान लता बुद्धन पॉलीहाउस में गुलाब की खेती कर अपनी अलग पहचान बना रही हैं। राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना के तहत अनुदान लेकर उन्होंने 4,000 वर्गमीटर क्षेत्र में पॉलीहाउस तैयार किया है। इसके निर्माण के लिए शासन की ओर से उन्हें 16 लाख 88 हजार रुपये की अनुदान राशि मिली है। आज उनके पॉलीहाउस में उत्पादित गुलाब छत्तीसगढ़ के साथ नागपुर और पुणे जैसे बड़े शहरों तक पहुंच रहे हैं।
लता बुद्धन ने शुरुआत में पॉलीहाउस में जरबेरा फूलों की खेती की थी। इसके उत्पादन को नागपुर और पुणे के बाजारों में बेचकर उन्होंने फूलों की व्यावसायिक खेती की संभावनाओं को समझा। इसके बाद बाजार में मांग और बेहतर कीमत को देखते हुए उन्होंने हाइब्रिड डच रोज की उन्नत किस्मों की खेती शुरू की। वर्तमान में उनके पॉलीहाउस में 30 हजार से अधिक गुलाब के पौधे लगे हैं।
लता बुद्धन के बेटे तुषार बुद्धन के अनुसार, पॉलीहाउस में नियंत्रित वातावरण और वैज्ञानिक तकनीक से गुलाब का गुणवत्तायुक्त उत्पादन किया जा रहा है। यहां के फूलों की नियमित आपूर्ति रायपुर, भिलाई और दुर्ग के बाजारों में भी की जाती है। पॉलीहाउस में खेती करने से पानी और खाद की खपत कम होती है। गुलाब की फसल करीब चार साल तक चलती है और सीजन के अनुसार अच्छी आमदनी प्राप्त होती है।
लता बुद्धन की इस पहल से उनके परिवार को फूलों की व्यावसायिक खेती के साथ बड़े शहरों तक बाजार उपलब्ध कराने का अवसर मिला है। उनका मानना है कि परंपरागत खेती करने वाले किसानों और युवाओं को भी पॉलीहाउस जैसी आधुनिक तकनीक अपनानी चाहिए, जिससे कम संसाधनों में बेहतर गुणवत्ता वाली फसल का उत्पादन किया जा सके।
राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत किसानों को संरक्षित खेती और उच्च मूल्य वाली फसलों के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। पॉलीहाउस में तापमान, आर्द्रता और सिंचाई को नियंत्रित करना संभव होता है। इससे प्रतिकूल मौसम के प्रभाव को कम करने के साथ गुणवत्तायुक्त फूलों का उत्पादन और बाजार की मांग के अनुसार उनकी आपूर्ति करना आसान होता है।