मुंगेली में सात सड़कों के निर्माण के लिए 20.30 करोड़ रुपये मंजूर
उप मुख्यमंत्री अरुण साव की पहल पर मिली प्रशासकीय स्वीकृति, 7.40 किमी से अधिक लंबाई के मार्गों का होगा निर्माण
रायपुर, मुंगेली जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने सात सड़कों के निर्माण के लिए 20 करोड़ 30 लाख रुपये की मंजूरी दी है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद इन कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी गई है। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन अधिक सुगम होने की उम्मीद है।
स्वीकृत कार्यों में मुंगेली जिला मुख्य मार्ग पर नवरंगपुर से डी-3 हेडपुल तक 1.10 किलोमीटर सड़क का निर्माण शामिल है, जिसके लिए 1 करोड़ 21 लाख 94 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं, रेहुंटा से लाखासार तक 2.40 किलोमीटर सड़क के लिए 3 करोड़ 7 लाख 23 हजार रुपये स्वीकृत हुए हैं।
इसके अलावा डिंडौरी गौठान से सूरजपुरा सरहद तक एक किलोमीटर सड़क के लिए 2 करोड़ 31 लाख 32 हजार रुपये और मुंगेली जिला मुख्य मार्ग से सुकली बस्ती मार्ग तक 0.75 किलोमीटर सड़क के निर्माण के लिए 1 करोड़ 34 लाख 42 हजार रुपये दिए जाएंगे।
लोरमी विकासखंड में भी तीन सड़क निर्माण कार्यों को मंजूरी मिली है। इनमें रोहित पटेल के घर से खुड़िया मेन रोड तक 2.30 किलोमीटर मार्ग के लिए 3 करोड़ 83 लाख 19 हजार रुपये, धोबघट्टी केनाल मार्ग पर पुल-पुलिया सहित 3.40 किलोमीटर सड़क के लिए 4 करोड़ 60 लाख 40 हजार रुपये और साजा नहर सारिसताल राममंदिर से भदरवार पुल तक तीन किलोमीटर सड़क के लिए 3 करोड़ 91 लाख 53 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता को सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ ही सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे कराने को कहा है।