बाढ़ में फंसे 6 कर्मचारी एयरलिफ्ट, जिला प्रशासन ने सुरक्षित पहुंचाया बीजापुर
रायपुर, लगातार बारिश और बाढ़ के बीच इन्द्रावती नदी पार माड़ क्षेत्र में फंसे पटवारी और सर्वेयर सहित 6 कर्मचारियों को जिला प्रशासन ने एयरलिफ्ट कर सुरक्षित बीजापुर पहुंचाया। जिला मुख्यालय पहुंचने के बाद सभी कर्मचारियों का जिला अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया, जहां उनकी स्थिति सामान्य पाई गई।
गिरदावरी सर्वे के लिए पटवारी और सर्वेयर का छह सदस्यीय दल बड़ेपल्ली और गुट्टामंगी क्षेत्र में गया था। इसी दौरान लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया और बाढ़ की स्थिति बनने से कर्मचारी क्षेत्र में फंस गए।
कर्मचारियों के फंसे होने की जानकारी मिलते ही कलेक्टर विश्वदीप ने तत्काल रेस्क्यू के निर्देश दिए। प्रशासन ने बिना देरी किए एयरलिफ्ट की व्यवस्था की और सभी छह कर्मचारियों को सुरक्षित जिला मुख्यालय पहुंचाया।
जिला अस्पताल में हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
जिला अस्पताल में कलेक्टर विश्वदीप की मौजूदगी में सभी कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। कलेक्टर ने कर्मचारियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और स्वास्थ्य की जानकारी ली। सुरक्षित लौटे कर्मचारियों ने राहत व्यक्त की। कलेक्टर ने कठिन परिस्थितियों में अपने दायित्व का निर्वहन करने के लिए कर्मचारियों के कार्य की सराहना की।
कलेक्टर ने कहा कि बाढ़ और आपदा की स्थिति में जिला प्रशासन पूरी सजगता के साथ काम कर रहा है। प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राहत और बचाव दल लगातार परिस्थितियों पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि जरूरतमंद लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।
इस दौरान आपदा प्रबंधन के नोडल अधिकारी मुकेश देवांगन, तहसीलदार पंचराम सलामे, जिला सेनानी पी.बी. सिदार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।