यंग वर्कफोर्स को सपा-कांग्रेस ने माना बोझ, हमने प्रदेश की शक्ति मानकर दिया रोजगार: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरदार पटेल जयंती पर किया योजना का शुभारंभ, टाटा और अशोक लीलैंड समेत कई कंपनियों के साथ एमओयू
लखनऊ, उत्तर प्रदेश में युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए 1,725 करोड़ रुपये की ‘सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना’ शुरू की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर लोक भवन सभागार में योजना का शुभारंभ किया। इसका उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षित कर रोजगार से जोड़ना और उत्तर प्रदेश को ग्लोबल मैनपावर हब के रूप में विकसित करना है।
योजना के पहले चरण में गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, झांसी और गौतम बुद्ध नगर में स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट जोन स्थापित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री के अनुसार, अगले तीन वर्षों में प्रदेश के सभी 75 जिलों को नौ कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार जोन से जोड़ा जाएगा। इन केंद्रों पर युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण के साथ भारतीय और विदेशी भाषाएं सिखाने की व्यवस्था भी होगी, ताकि उन्हें देश के साथ विदेशों में रोजगार के अवसर मिल सकें। प्रत्येक केंद्र पर प्लेसमेंट सेल और बाहर से आने वाले युवाओं के लिए हॉस्टल की सुविधा प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश की युवा आबादी को पहले बोझ के रूप में देखा जाता था, जबकि उनकी सरकार इसे राज्य की सबसे बड़ी ताकत मानती है। उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है और वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) के माध्यम से 3 करोड़ 25 लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ कौशल विकास पर भी ध्यान देने की अपील की।
कार्यक्रम में ‘रोजगार मित्र पोर्टल’ और ‘ब्लू डॉट साझा डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर’ की शुरुआत भी की गई। इन डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं, उद्योगों और एमएसएमई इकाइयों को स्थानीय रोजगार तथा गिग वर्क के अवसरों से जोड़ने की योजना है। प्रशिक्षण और प्लेसमेंट के लिए टाटा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल्स, अशोक लीलैंड, बीबीजी ग्रुप, पीटीसी इंडस्ट्रीज, सीआईपैट, एशियन डेवलपमेंट बैंक और अवाडा ग्रुप सहित कई संस्थाओं के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किए गए।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में डिजिटल भुगतान व्यवस्था और ओडीओपी का उल्लेख करते हुए कहा कि अब सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले प्रदेश में माफिया और बिचौलियों का प्रभाव था, जबकि अब युवाओं को स्थानीय उत्पादों और उद्योगों के माध्यम से रोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य ने भी भर्ती प्रक्रिया, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में युवा उद्यमियों को ऋण के चेक, ओडीओपी और विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को टूलकिट तथा चयनित युवाओं को जॉब ऑफर लेटर भी वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। समारोह में कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।