राज्योत्सव में पत्रकारिता विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने देखी छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर नवा रायपुर में आयोजित भव्य प्रदर्शनी में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने प्रदेश की विकास यात्रा, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों को करीब से जाना। विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन कर शासन की योजनाओं, शैक्षणिक नवाचारों और आधुनिक तकनीक आधारित सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) मनोज दयाल ने उच्च शिक्षा विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदेश में उच्च शिक्षा के विस्तार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था, शैक्षणिक नवाचारों और विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों की उपलब्धियों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रदर्शनी में प्रस्तुत जानकारियों का गंभीरता से अध्ययन करने और उन्हें अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक जीवन से जोड़ने के लिए प्रेरित किया।
कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने कहा कि राज्योत्सव केवल उत्सव और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, सांस्कृतिक पहचान और उपलब्धियों को समझने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को समाज, संस्कृति, प्रशासन और विकास के विभिन्न आयामों को प्रत्यक्ष रूप से जानने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के विद्यार्थियों के लिए इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण विशेष महत्व रखते हैं। इससे उनकी अवलोकन क्षमता, विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण और रचनात्मक अभिव्यक्ति को नई दिशा मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से भ्रमण के अनुभवों को अपने अध्ययन, शोध और रचनात्मक पत्रकारिता में उपयोग करने का आह्वान किया।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर देता है। इससे उनके ज्ञान, दृष्टिकोण और व्यावसायिक समझ का विस्तार होता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को प्रदेश की सामाजिक, सांस्कृतिक और विकासात्मक गतिविधियों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दौरान उच्च शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. तपेश चंद्र गुप्ता ने कुलपति का स्वागत किया और प्रदर्शनी में उच्च शिक्षा से जुड़ी गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी।
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान लीली दयाल, विभागाध्यक्ष डॉ. नृपेंद्र कुमार शर्मा, अतिथि शिक्षक डॉ. कपिल देव प्रजापति, डॉ. अनिल कुमार शुक्ला, जितेंद्र श्रीवास सहित विश्वविद्यालय के कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।