दक्षिण कोरिया में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे रायपुर के दो छात्र, रोबोटिक्स प्रतियोगिता में दिखाएंगे हुनर
छत्तीसगढ़ के दो होनहार विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। रायपुर के वेदिक इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा सातवीं में पढ़ने वाले पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी का चयन दक्षिण कोरिया में आयोजित होने वाली रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। दोनों विद्यार्थी 28 और 29 नवंबर 2026 को होने वाली इस प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन से पहले दोनों विद्यार्थियों ने नेशनल चैंपियनशिप 2026 की LEGO Line Follower श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया था। इसी उपलब्धि के आधार पर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 16 से अधिक राज्यों के 7 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। विभिन्न श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 36 विद्यार्थियों का चयन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
दोनों विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी और दक्षिण कोरिया में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। उन्हें सही अवसर और मार्गदर्शन मिले तो वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।
बता दें कि LEGO Line Follower प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को ऐसा रोबोट तैयार करना होता है, जो निर्धारित ट्रैक पर बनी लाइन को पहचानकर उसी के अनुसार आगे बढ़ सके। इसके लिए प्रोग्रामिंग, तार्किक सोच और समस्या समाधान की क्षमता जरूरी होती है। इस उपलब्धि में दोनों विद्यार्थियों के अभिभावकों, शिक्षकों और तकनीकी मार्गदर्शकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और नवाचार के बेहतर अवसर मिलें। उन्होंने शिक्षकों और मार्गदर्शकों को भी बधाई दी। रायपुर के इन दोनों विद्यार्थियों का अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचना प्रदेश के अन्य बच्चों को भी रोबोटिक्स और विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।