दिवाली-छठ पर 24 घंटे जगमगाएगा यूपी: योगी सरकार का ‘नो पावर कट’ आदेश, बकाये पर कनेक्शन काटने पर रोक
- अनावश्यक शटडाउन बर्दाश्त नहीं, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता तुरंत बढ़ाई जाए: ऊर्जा मंत्री एके शर्मा
- ‘झटपट पोर्टल’ के आवेदनों का त्वरित निस्तारण, नवंबर बिलों में उपभोक्ताओं को 9.70% की सीधी राहत
लखनऊ, 29 अक्टूबर। दीपावली और छठ महापर्व पर उत्तर प्रदेश का कोई भी कोना अंधेरे में नहीं रहेगा। योगी सरकार ने त्योहारों के दौरान पूरे प्रदेश में 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने स्पष्ट किया है कि प्रकाश पर्व पर अनावश्यक शटडाउन और बार-बार होने वाली ट्रिपिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही त्योहारों के मद्देनजर बकाये की वसूली के नाम पर किसी भी उपभोक्ता की बिजली काटने पर सख्त रोक लगा दी गई है।
प्रमुख निर्देश और बड़े फैसले:
- उपभोक्ताओं को राहत, चोरों पर शिकंजा: ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सामान्य व छोटे उपभोक्ताओं को बकाये के नाम पर परेशान न किया जाए। इसके विपरीत, बड़े और संगठित बिजली चोरों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाए।
- बकायेदारों की वजह से ईमानदार उपभोक्ता न झेलें कटौती: नियमित बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को बकायेदारों के कारण ट्रिपिंग या कटौती का सामना न करना पड़े। जहां भी लोड की समस्या है, वहां ट्रांसफार्मरों का क्षमता विस्तार (अपग्रेडेशन) तत्काल प्रभाव से किया जाए।
- ‘झटपट पोर्टल’ का तुरंत निपटारा: नए कनेक्शन के लिए ‘झटपट पोर्टल’ पर लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने और पूर्व में निरस्त किए गए आवेदनों की समीक्षा कर व्यवस्था में सुधार के आदेश दिए गए हैं।
- नवंबर के बिलों में 9.70% छूट: ऊर्जा मंत्री ने उपभोक्ताओं को बधाई देते हुए बताया कि नवंबर माह के बिजली बिलों में 9.70 प्रतिशत की राहत दी जा रही है। घरेलू और व्यावसायिक सहित सभी श्रेणियों को इसका लगातार पांचवें महीने सीधा लाभ मिलेगा।
- नवसृजित नगर पंचायतों को वीआईपी ट्रीटमेंट: नए बने नगर निकायों में जिला मुख्यालयों की तर्ज पर गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए आवश्यकता पड़ने पर नगर विकास विभाग अतिरिक्त बजट मुहैया कराएगा।
उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद, यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार और प्रबंध निदेशक मयूर माहेश्वरी सहित विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।