यूपी में ऑनलाइन उत्पीड़न के शिकार 24 बच्चों को कराया गया रेस्क्यू
साइबर शिकायतों पर पुलिस की कार्रवाई, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग और शोषण के मामलों की हो रही जांच
लखनऊ, उत्तर प्रदेश में ऑनलाइन उत्पीड़न और शोषण के मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 24 बच्चों को रेस्क्यू किया है। यह कार्रवाई राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त साइबर शिकायतों और सूचनाओं के आधार पर की गई। पुलिस अब संबंधित मामलों की जांच के साथ बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए जरूरी कदम उठा रही है।
उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय के साइबर क्राइम विभाग के अनुसार, शिकायतें अमेरिका स्थित संस्था नेशनल सेंटर फॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉइटेड चिल्ड्रेन (NCMEC) की साइबर टिपलाइन और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) के माध्यम से प्राप्त हुई थीं। इनका विश्लेषण कर संबंधित जिलों और पुलिस आयुक्तों को कार्रवाई के लिए भेजा गया।
शिकायतों की जांच के बाद होती है कानूनी कार्रवाई
डीजी 112 बीके सिंह के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) की ओसीडब्ल्यूसी इकाई महिलाओं और बच्चों के खिलाफ ऑनलाइन अपराधों से जुड़ी शिकायतों का विश्लेषण कर संबंधित एजेंसियों तक पहुंचाती है। जिला स्तर पर शिकायतों का सत्यापन किया जाता है। प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध सामने आने पर प्राथमिकी दर्ज कर डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच की जाती है। पर्याप्त सबूत मिलने पर गिरफ्तारी और आरोपपत्र दाखिल करने की प्रक्रिया अपनाई जाती है।
ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग से बच्चों की सुरक्षा पर जोर
पुलिस के अनुसार, कुछ मामलों में अपराधी डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल कर बच्चों को ब्लैकमेल या उत्पीड़ित करते हैं। ऐसी शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई करना और पीड़ित बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है। इस दिशा में तकनीकी सूचनाओं और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय के जरिए कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि NCMEC और I4C के बीच एक अप्रैल 2024 से प्रभावी समझौते के तहत भारत से संबंधित साइबर टिपलाइन रिपोर्ट सीधे I4C को मिलती हैं। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के जरिए भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इन व्यवस्थाओं के माध्यम से ऑनलाइन अपराधों की पहचान और जांच में मदद मिलती है।