छत्तीसगढ़ के चार शहरों में दौड़ेंगी 240 ई-बसें, नवंबर से बिलासपुर-भिलाई में शुरुआत
अरुण साव की मौजूदगी में चार नगर निगमों और एजेंसी के बीच हुआ समझौता, यात्रियों को मिलेगी आधुनिक परिवहन सुविधा
रायपुर, छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग-भिलाई और कोरबा में 240 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की तैयारी तेज हो गई है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत उप मुख्यमंत्री अरुण साव की मौजूदगी में चारों नगर निगमों और चयनित एजेंसी चार्टर्ड स्पीड लिमिटेड के बीच कंसेशन एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए गए। योजना के तहत नवंबर 2026 से बिलासपुर और भिलाई में 20-20 ई-बसें शुरू करने की तैयारी है। इससे नागरिकों को आरामदायक, किफायती और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी।
चार शहरों में होगा बसों का संचालन
योजना के पहले चरण में रायपुर में 100, बिलासपुर में 50, दुर्ग-भिलाई में 50 और कोरबा में 40 इलेक्ट्रिक बसें संचालित करने की योजना है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों से पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता और वायु प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही शहरों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था आधुनिक और सुविधाजनक बनेगी।
उन्होंने कहा कि बस सेवा का उद्देश्य नागरिकों को शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों तक बेहतर आवागमन उपलब्ध कराना है। योजना के प्रभावी संचालन के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय और समयबद्ध क्रियान्वयन जरूरी है।
मोबाइल ऐप और कैमरों से बढ़ेगी सुविधा
ई-बसों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए छह कैमरे लगाने का प्रावधान है। मोबाइल ऐप के माध्यम से बसों के रूट की जानकारी भी उपलब्ध होगी। बसों के संचालन के लिए चार्जिंग स्टेशन, डिपो और रखरखाव केंद्र जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे परिवहन सेवाओं के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
समय पर संचालन की तैयारी
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने कहा कि बढ़ती शहरी आबादी को देखते हुए सार्वजनिक परिवहन का आधुनिकीकरण जरूरी है। बसों के सुचारु संचालन के लिए चार्जिंग व्यवस्था, बस स्टॉप और अन्य जरूरी सुविधाओं का विकास समय-सीमा में पूरा किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में रायपुर की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी, कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत, दुर्ग की महापौर अलका बाघमार और बीरगांव के महापौर नंदलाल देवांगन सहित विभिन्न नगर निगमों के अधिकारी और चार्टर्ड स्पीड लिमिटेड के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान चारों शहरों में संचालित होने वाली बसों के रंग और कट-आउट का भी विमोचन किया गया।