धमतरी में 632 दिव्यांगजनों को मिला सहायक उपकरणों का संबल
‘निदान-03’ शिविर में कृत्रिम अंग, व्हीलचेयर और प्रमाण पत्र सहित कई सुविधाएं उपलब्ध
धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत धमतरी जिले में आयोजित ‘निदान-03’ विशेष शिविर दिव्यांगजनों के लिए मददगार साबित हो रहा है। जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग और भगवान महावीर दिव्यांग सेवा समिति के संयुक्त आयोजन में नगरी और धमतरी में शिविर के शुरुआती दो दिनों में 632 दिव्यांगजन शामिल हुए। शिविर का उद्देश्य उन्हें सहायक उपकरण और शासकीय योजनाओं का लाभ देकर आत्मनिर्भर बनाना है।
पहले दिन नगरी में 172 दिव्यांगजन हुए लाभान्वित
8 अक्टूबर को नगरी के श्रृंगी ऋषि हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित शिविर में पात्र हितग्राहियों को ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, बैसाखी, वॉकर और वॉकिंग स्टिक वितरित किए गए। नौ दिव्यांगजनों के कृत्रिम हाथ-पैर तैयार करने के लिए माप लिया गया। इसके साथ ही 18 दिव्यांगता प्रमाण पत्र और 44 यूडीआईडी कार्ड भी प्रदान किए गए।
धमतरी में 359 हितग्राहियों को मिली सुविधाएं
10 अक्टूबर को धमतरी के इंडोर स्टेडियम में आयोजित शिविर में 460 दिव्यांगजन पहुंचे, जिनमें से 359 को विभिन्न उपकरणों और सुविधाओं का लाभ मिला। छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया और महापौर रामू रोहरा की मौजूदगी में कृत्रिम हाथ-पैर, कैलिपर्स, श्रवण यंत्र, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, स्मार्ट केन, बैसाखी और वॉकर वितरित किए गए। दिव्यांगजनों को बस पास, दिव्यांगता प्रमाण पत्र और एम. आधार कार्ड जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
योजनाओं की जानकारी के लिए लगाए गए स्टॉल
शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। जनसंपर्क विभाग की छायाचित्र प्रदर्शनी के साथ मासिक पत्रिका ‘छत्तीसगढ़ जनमन’ का निःशुल्क वितरण भी किया गया। कलेक्टर ने स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए दिव्यांगजनों को आवश्यक उपकरण और सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने को प्रशासन की प्राथमिकता बताया। शिविर के अंतिम दिन भी पंजीयन, परीक्षण और कृत्रिम अंगों के मापन की सुविधा जारी रखी गई, ताकि जरूरतमंदों को लाभ मिल सके।