महाराष्ट्र में बंधक जैसी स्थिति में फंसे छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिक मुक्त, सकुशल घर लौटे
महाराष्ट्र के सोलापुर में बंधक जैसी परिस्थितियों में काम करने को मजबूर छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिकों को जिला प्रशासन ने मुक्त कराकर सुरक्षित घर पहुंचाया है। इनमें 18 पुरुष, 13 महिलाएं और 9 बच्चे शामिल हैं। श्रमिकों में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 35, जांजगीर-चांपा के 3 और सक्ती जिले के 2 लोग शामिल हैं। श्रम, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र पहुंचकर स्थानीय प्रशासन के सहयोग से बचाव अभियान चलाया।
मामला सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम पंचायत उलखर से जुड़ा है। यहां के एक श्रमिक ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत कर बताया था कि रोजगार का भरोसा देकर गांव के लोगों को महाराष्ट्र के सोलापुर में गन्ना कटाई और ट्रक लोडिंग के काम के लिए ले जाया गया था। वहां श्रमिकों से सुबह से रात 9 बजे तक काम कराया जाता था, लेकिन वादे के मुताबिक नियमित मजदूरी नहीं दी जा रही थी। पर्याप्त राशन नहीं मिलने, बीमारी में भी काम कराने और मारपीट व दुर्व्यवहार की शिकायतें भी सामने आई थीं।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने 14 नवंबर को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद श्रम, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर महाराष्ट्र भेजी गई। टीम ने सोलापुर पहुंचकर श्रमिकों की स्थिति की जांच की। जांच में बंधक जैसी परिस्थितियों में उनसे काम कराए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद सोलापुर जिला प्रशासन के समन्वय से सभी 40 श्रमिकों को मुक्त कराया गया और उनकी सुरक्षित वापसी की व्यवस्था की गई।
बचाए गए श्रमिक 20 नवंबर को अपने गृह जिले पहुंचे। इनमें ग्राम उलखर, बैगनडीह, नौरंगपुर सहित सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के अलग-अलग गांवों के 35 लोग शामिल हैं। लंबे समय से कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे श्रमिकों की घर वापसी से उनके परिवारों को राहत मिली है। श्रमिकों और उनके परिजनों ने प्रशासन के प्रति आभार जताया।
जिला प्रशासन ने श्रमिकों से अपील की है कि दूसरे राज्यों में रोजगार के लिए जाने से पहले ठेकेदार, बिचौलिए और कार्यस्थल की पूरी जानकारी जरूर लें। मजदूरी का भुगतान नहीं होने, दुर्व्यवहार, शोषण या बंधक बनाए जाने जैसी स्थिति में तत्काल श्रम विभाग या पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।