जशपुर में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सख्ती, अमानक काम मिलने पर उप अभियंता निलंबित
लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने जशपुर जिले में निर्माणाधीन सड़कों और भवनों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों में देरी पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को अधूरे कामों में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
बगीचा में निर्माणाधीन पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन के निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य अमानक स्तर का पाया गया। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए सचिव ने संबंधित उप अभियंता रमेश प्रसाद सिंह को निलंबित करने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रमुख अभियंता कार्यालय ने तत्काल प्रभाव से निलंबन आदेश जारी कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय नवा रायपुर स्थित प्रमुख अभियंता कार्यालय निर्धारित किया गया है।
सचिव ने केंद्रीय सड़क निधि (CRF) के तहत लुडेग-तपकरा-लवाकेरा मार्ग के 41 किलोमीटर लंबे हिस्से के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसी की प्रयोगशाला और डामर प्लांट का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदार को निर्माण की गति बढ़ाने के साथ हर चरण में गुणवत्ता का ध्यान रखने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जशपुर-सन्ना मार्ग के 17.60 किलोमीटर हिस्से के सुदृढ़ीकरण कार्य की समीक्षा की गई। इसके लिए 13 करोड़ 56 लाख 88 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। सचिव ने काम तत्काल शुरू कर तय समय में पूरा करने को कहा। वहीं, आस्ता-कुसमी मार्ग के 28 किलोमीटर हिस्से के उन्नयन और मजबूतीकरण के लिए 35 करोड़ 86 लाख 99 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस सड़क का काम भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने जशपुर और पत्थलगांव संभाग के अधिकारियों से अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सभी कार्यों का नियमित पर्यवेक्षण करने और गुणवत्ता से समझौता किए बिना समय-सीमा में निर्माण पूरा कराने पर जोर दिया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता सहित सरगुजा परिक्षेत्र और संबंधित संभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।