श्री रामलला दर्शन योजना के तहत रायपुर संभाग के 850 श्रद्धालु अयोध्या रवाना, टंकराम वर्मा ने दिखाई हरी झंडी
अयोध्या में रामलला और काशी में बाबा विश्वनाथ के करेंगे दर्शन, विशेष ट्रेन से तीर्थयात्रियों ने की यात्रा की शुरुआत
रायपुर, 23 नवंबर 2026। प्रदेशवासियों को धार्मिक स्थलों की यात्रा कराने के उद्देश्य से संचालित श्री रामलला दर्शन योजना के तहत रायपुर संभाग के 850 श्रद्धालु रविवार को अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए। रायपुर रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन को राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा और जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल भी मौजूद रहे। भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए रवाना हुए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से राज्य सरकार उन श्रद्धालुओं को भी तीर्थयात्रा का अवसर उपलब्ध करा रही है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से धार्मिक स्थलों की यात्रा नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम छत्तीसगढ़ की संस्कृति और जनआस्था के केंद्र हैं। वनवास काल के दौरान प्रभु श्रीराम का छत्तीसगढ़ की धरती से गहरा संबंध रहा है, इसलिए प्रदेशवासियों के लिए अयोध्या धाम की यात्रा विशेष धार्मिक और भावनात्मक महत्व रखती है।
इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को अयोध्या में भगवान श्रीरामलला के दर्शन के साथ वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में भगवान शिव के दर्शन का भी अवसर मिलेगा। रामजन्मभूमि अयोध्या और बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी की यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। इससे उन्हें देश की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
श्री रामलला दर्शन योजना के तहत तीर्थयात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए जिला प्रशासन, रेलवे, भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) तथा छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। यात्रा को व्यवस्थित बनाने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी आवश्यक व्यवस्थाओं में जुटे हैं।
राज्य सरकार की इस योजना के माध्यम से प्रदेश के अलग-अलग जिलों के श्रद्धालुओं को धार्मिक यात्रा का अवसर मिल रहा है। रायपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन रवाना होने के दौरान जनप्रतिनिधियों ने सभी यात्रियों को सुखद, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।