श्रीमद् भागवत कथा से मिलता है भक्ति, सदाचार और लोककल्याण का संदेश : पर्यटन मंत्री
लखनपुर के ग्राम गुमगरा कलां में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में शामिल होकर की प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना
सरगुजा, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम गुमगरा कलां में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने श्रद्धापूर्वक कथा श्रवण किया और भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा जैसे धार्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति, आस्था और नैतिक मूल्यों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि श्रीमद् भागवत महापुराण भारतीय सनातन संस्कृति का महत्वपूर्ण आध्यात्मिक ग्रंथ है। इसमें भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं और उपदेश मानव जीवन को प्रेम, करुणा, सत्य, धर्म और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। कथा श्रवण केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मचिंतन और जीवन में सदाचार अपनाने का अवसर भी है। इससे व्यक्ति को मानसिक शांति मिलती है और समाज में आपसी प्रेम एवं सद्भाव की भावना मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन धर्म की स्थापना, अन्याय के विरोध और लोककल्याण का संदेश देता है। उनकी शिक्षाएं जीवन की कठिन परिस्थितियों में धैर्य, विवेक और कर्तव्यनिष्ठा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, संस्कारों और परंपराओं से जोड़ने का अवसर मिलता है।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध धार्मिक परंपराओं और लोक संस्कृति से है। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित भागवत कथा, रामायण पाठ और भजन-कीर्तन जैसे कार्यक्रम सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने के साथ सामाजिक एकता और समरसता को भी बढ़ावा देते हैं। राज्य सरकार भी प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
इस अवसर पर उन्होंने कथा आयोजन के लिए आयोजकों और ग्रामवासियों की सराहना की। साथ ही भगवान श्रीकृष्ण से प्रार्थना की कि उनकी कृपा सभी प्रदेशवासियों पर बनी रहे और छत्तीसगढ़ सुख, शांति, समृद्धि एवं प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे।