रायगढ़ में नशामुक्ति की दिशा में बड़ा कदम, लोईंग में 10 बेड का केंद्र शुरू
नशे की लत से जूझ रहे लोगों के लिए रायगढ़ जिले में स्वास्थ्य सुविधा का विस्तार हुआ है। लोईंग में 10 बिस्तर का जिला नशा मुक्ति केंद्र शुरू कर दिया गया है। यहां मरीजों को इलाज, दवाइयां, नियमित स्वास्थ्य जांच और काउंसलिंग जैसी सुविधाएं एक ही जगह पर मिलेंगी।
केंद्र में भर्ती मरीजों की स्थिति के अनुसार उपचार किया जाएगा और चिकित्सकीय निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही काउंसलर मरीजों को नशे से होने वाले नुकसान और उससे बाहर निकलने के तरीकों के बारे में समझाएंगे। मानसिक सहयोग को भी उपचार का अहम हिस्सा बनाया गया है।
इलाज के साथ परिवार और समाज से जोड़ने पर जोर
नशे से बाहर निकलने के बाद सामान्य जिंदगी में वापसी भी इस केंद्र की प्राथमिकताओं में शामिल है। मरीजों को नशे से दूर रहने के लिए जरूरी मार्गदर्शन देने के साथ परिवार और समाज के बीच दोबारा बेहतर तरीके से जुड़ने के लिए भी सहयोग दिया जाएगा।
केंद्र में केयरटेकर, सुरक्षा कर्मी और प्रशिक्षित काउंसलर की व्यवस्था की गई है। सीएमएचओ डॉ. अनिल जगत के मुताबिक, समय पर इलाज, काउंसलिंग और परिवार के सहयोग से नशे की लत से प्रभावित व्यक्ति सामान्य जीवन की ओर लौट सकता है। लोईंग में केंद्र शुरू होने से जिले के लोगों को नशामुक्ति की सुविधा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।