बलरामपुर में बच्चों की खुशियों के लिए खास मुहिम, 2371 आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा खिलौना दान
‘आंगन मिलन सेवा’ में जुड़ेंगे जिलेवासी, घर के अनुपयोगी खिलौनों से खिलेंगे बच्चों के चेहरे
बलरामपुर जिले में बच्चों के लिए जनभागीदारी से जुड़ी एक खास पहल होने जा रही है। सेवा संकल्प अभियान के तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ आयोजित की जाएगी। जिले के सभी 2371 आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए जनसहयोग से खिलौने उपलब्ध कराने की योजना है।
अभियान के जरिए आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए ऐसा माहौल तैयार करने पर जोर दिया जाएगा, जहां वे सिर्फ पढ़ाई ही नहीं बल्कि खेलते-खेलते नई चीजें सीख सकें। खिलौनों से बच्चों की रचनात्मक सोच, समझ और सामाजिक व्यवहार से जुड़े कौशल को विकसित करने में मदद मिलेगी।
आप भी बन सकते हैं किसी बच्चे की खुशी की वजह
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिलेवासियों से अपील की है कि घर में रखे ऐसे खिलौने, जो अब उपयोग में नहीं हैं लेकिन सुरक्षित और अच्छी स्थिति में हैं, उन्हें आंगनबाड़ी केंद्रों में दान करें। लोग चाहें तो अपनी इच्छा से नए खिलौने भी दे सकते हैं।
इस पहल में सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं, जनप्रतिनिधि और स्थानीय व्यवसायिक संस्थान भी भाग ले सकते हैं। इसके लिए 25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच अपने नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र में खिलौने पहुंचाए जा सकते हैं।
आंगनबाड़ी बनेगी बच्चों की पसंदीदा जगह
प्रशासन का मानना है कि आंगनबाड़ी बच्चों की शुरुआती सीखने की जगह है। यहां बेहतर खेल सामग्री मिलने से बच्चों की रुचि और सहभागिता बढ़ेगी। साथ ही समाज के लोगों को भी बच्चों की शिक्षा और विकास से सीधे जुड़ने का मौका मिलेगा।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान जनभागीदारी के जरिए सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करने की दिशा में एक पहल है। ‘आंगन मिलन सेवा’ इसी अभियान का हिस्सा है, जिसमें छोटे-छोटे सहयोग से हजारों बच्चों के लिए खुशहाल और सीखने वाला माहौल बनाने की कोशिश की जाएगी।