‘मन की बात’ में गूंजा छत्तीसगढ़ का ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान
रायपुर, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने नया रायपुर स्थित शासकीय निवास कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी का श्रवण किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने जनभागीदारी, पोषण, पर्यावरण, स्वच्छता, स्थानीय उत्पादों और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने सितंबर माह को पोषण और कुपोषण के खिलाफ जागरूकता के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए मुनगा यानी मोरिंगा को दैनिक खान-पान में शामिल करने और इसके पौधे लगाने को लेकर किए जा रहे प्रयासों की चर्चा की।
राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ की पोषण पहल को ‘मन की बात’ जैसे राष्ट्रीय मंच पर स्थान दिया जाना प्रदेशवासियों के लिए गौरव का विषय है। इससे स्थानीय संसाधनों और जनभागीदारी के माध्यम से पोषण को बढ़ावा देने के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिली है।
उन्होंने कहा कि मुनगा पोषण की दृष्टि से उपयोगी स्थानीय संसाधन है और अभियान के माध्यम से लोगों को इसे अपने दैनिक आहार का हिस्सा बनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। प्रधानमंत्री द्वारा इस पहल का उल्लेख प्रदेश में पोषण के प्रति जनजागरूकता और जनभागीदारी को और बढ़ावा देगा।
मंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे सकारात्मक और जनहितकारी प्रयासों को व्यापक मंच देने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने प्रदेशवासियों से पोषण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय उत्पादों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े जनभागीदारी अभियानों में सक्रिय रूप से जुड़ने का आह्वान किया।