भरदा में जलभराव से मिलेगी राहत, 12.87 लाख से बनेगी नाली
रायपुर, दुर्ग जिले के ग्राम भरदा में बारिश के कारण जलभराव की समस्या के समाधान के लिए 12.87 लाख रुपये की लागत से पक्की निकासी नाली बनाई जाएगी। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की पहल पर जिला प्रशासन ने निर्माण कार्य को प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है।
26 सितंबर को अतिवृष्टि के बाद मंत्री ने भरदा पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था। राहत शिविर में प्रभावित ग्रामीणों और किसानों ने जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग रखी थी, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया।
नाली का निर्माण पुरुषोत्तम निषाद के घर से केशव ठाकुर के घर तक किया जाएगा। इससे बारिश के दौरान सड़क और आसपास के क्षेत्र में होने वाले जलभराव से राहत मिलने की उम्मीद है।
कुल 12.87 लाख रुपये में से 2.56 लाख रुपये मजदूरी और 10.31 लाख रुपये सामग्री के लिए निर्धारित किए गए हैं। निर्माण कार्य वीबी-जी रामजी योजना के तहत कराया जाएगा।
जिला पंचायत दुर्ग के सीईओ के अनुसार पात्र ग्रामीणों को इस काम में रोजगार भी उपलब्ध कराया जाएगा। मांग करने वाले पात्र लोगों को 15 दिनों के भीतर 300 रुपये प्रतिदिन की निर्धारित मजदूरी पर काम दिया जाएगा।
इसके साथ ही प्रभावित किसानों की फसल क्षति का सर्वेक्षण कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। नाली निर्माण की स्वीकृति और त्वरित कार्रवाई के लिए ग्रामीणों ने मंत्री गजेंद्र यादव और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।