ओरछा में सेवा संकल्प शिविर, 237 मरीजों को मिला मुफ्त इलाज
मलेरिया और एनीमिया की जांच पर रहा जोर, गर्भवती महिलाओं की भी हुई प्रसव पूर्व जांच
नारायणपुर के ओरछा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित विशेष स्वास्थ्य शिविर में दूरदराज के इलाकों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। शिविर में 237 से अधिक मरीजों की जांच की गई और उन्हें विभिन्न बीमारियों के लिए मुफ्त इलाज, दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
शिविर में मलेरिया की जांच पर खास फोकस रहा। स्वास्थ्य दल ने 169 लोगों की जांच की, जिनमें 41 मरीज पीएफ और 7 मरीज पीवी पॉजिटिव पाए गए। एनीमिया की पहचान के लिए 146 लोगों की हीमोग्लोबिन जांच हुई, जिसमें 39 ग्रामीणों में खून की कमी मिली। वहीं 138 लोगों की ब्लड शुगर जांच में 6 मरीजों का शुगर स्तर बढ़ा हुआ पाया गया, जिन्हें जरूरी दवाएं और परामर्श दिया गया।
स्वास्थ्य टीम ने उच्च रक्तचाप और सिकल सेल से जुड़े मरीजों की भी पहचान की, ताकि उन्हें आगे नियमित इलाज और निगरानी की सुविधा मिल सके। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को लेकर 19 गर्भवती महिलाओं का पंजीयन कर प्रसव पूर्व जांच की गई।
शिविर में ग्रामीणों को कई तरह की जांच सुविधाएं एक ही जगह पर उपलब्ध कराई गईं। इनमें आंख और दांतों की जांच के साथ टीबी की जांच के लिए बलगम के नमूने लिए गए। एचआईवी, हेपेटाइटिस, डेंगू, टाइफाइड के अलावा लिवर, किडनी और थायरॉइड से जुड़ी जांच भी की गई।
डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के तहत दो पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड भी मौके पर बनाए गए। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शिविर में चिन्हित मरीजों की आगे भी नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि जरूरत के मुताबिक उन्हें उपचार और स्वास्थ्य सेवाएं मिलती रहें।