दीपोत्सव-2026: श्रीराम जन्मभूमि परिसर एक लाख दीपों से होगा रोशन
अयोध्या में दीपोत्सव-2026 को भव्य और दिव्य स्वरूप देने की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस विशेष उत्सव में श्रीराम जन्मभूमि परिसर एक लाख दीपों की रोशनी से जगमगाएगा। दीप प्रज्ज्वलन की व्यवस्था के लिए करीब एक हजार कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पूरे मंदिर परिसर को पांच जोन में बांटकर तैयारियां की जा रही हैं।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में आयोजन की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में ट्रस्ट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र (सेवानिवृत्त), सचिव जगदीश आफले सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। अगले पांच दिनों में परिसर के विभिन्न हिस्सों के अलंकरण और दीप प्रज्ज्वलन की तैयारियां पूरी की जाएंगी।
दीप जलाने के लिए श्रीरामलला मंदिर परिसर, कुबेर टीला एवं सप्तमंडप, वापसी दर्शन मार्ग, यात्री सेवा केंद्र और श्रीराम जन्मभूमि पथ सहित पांच जोन निर्धारित किए गए हैं। इनमें पहले और दूसरे जोन में 30-30 हजार से अधिक, तीसरे जोन में 14 हजार से अधिक तथा चौथे और पांचवें जोन में क्रमशः 13-13 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। आयोजन में कार्यकर्ताओं के साथ सुरक्षा बलों का भी सहयोग लिया जाएगा।
मंदिर परिसर के अलग-अलग क्षेत्रों में दीप प्रज्ज्वलन की जिम्मेदारी निर्धारित टीमों को सौंपी गई है। श्रीरामलला मंदिर क्षेत्र में आचार्य केशव, कुबेर टीला एवं सप्तमंडप में चन्द्रन क्षितिज, वापसी दर्शन मार्ग में पीपी मिश्रा, यात्री सेवा केंद्र में कैप्टन जे.पी. द्विवेदी और श्रीराम जन्मभूमि पथ पर नरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में टीमें व्यवस्थाएं संभालेंगी।
ट्रस्ट के समाचार प्रबंधक सुभाष चंद्र सिंह ने बताया कि दीपोत्सव की तैयारियां निर्धारित समय पर पूरी कर ली जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। दीपोत्सव के एक दशक पूरे होने पर इस बार श्रीराम जन्मभूमि परिसर में एक लाख दीपों का प्रकाशोत्सव विशेष आकर्षण रहेगा।