स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ का परचम, बिल्हा देश में अव्वल
छत्तीसगढ़ ने स्वच्छता और नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इनमें बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में पहला स्थान प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा सहित संबंधित नगरीय निकायों के महापौर और आयुक्त उपस्थित रहे।
इस सर्वेक्षण में बिल्हा ने छोटे शहरों की श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया। वहीं, बिलासपुर को ‘स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान मिला। इसके अलावा रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इन उपलब्धियों ने प्रदेश के नगरीय निकायों के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में मिला सम्मान शहरों में हो रहे सकारात्मक बदलाव और नागरिकों की सामूहिक भागीदारी का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल रैंकिंग में आगे रहना नहीं, बल्कि स्वच्छता को नागरिकों की आदत और शहरों की पहचान बनाना है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाना गौरव की बात है। यह उपलब्धि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सफाई कर्मचारियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विशेष रूप से बिल्हा की सफलता को छोटे नगरीय निकायों के लिए प्रेरणादायक बताया।
समारोह में रायपुर की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी और बिल्हा नगर पंचायत की अध्यक्ष वंदना जेंड्रे सहित नगरीय प्रशासन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस उपलब्धि से छत्तीसगढ़ में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने और बेहतर नगरीय प्रबंधन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को नई पहचान मिली है।