बेमेतरा में जनजातीय गौरव दिवस पर दिखी लोकसंस्कृति की झलक, प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
टाउन हॉल में लोकनृत्य और पारंपरिक वाद्ययंत्रों ने बांधा समां, सांसद लक्ष्मी वर्मा ने बिरसा मुंडा के बलिदान को किया याद
बेमेतरा के टाउन हॉल सिंघौरी में जनजातीय गौरव दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन में जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास की झलक देखने को मिली। जनजातीय लोकगीतों, नृत्यों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साह से भर दिया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जनजातीय प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया गया।
बिरसा मुंडा का संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद लक्ष्मी वर्मा ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष कर जनजातीय समाज को संगठित किया और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए उलगुलान का आह्वान किया। उनका जीवन साहस, त्याग, स्वाभिमान और देशभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ भारतीय संस्कृति को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
लोकनृत्यों और पारंपरिक वेशभूषा ने मोहा मन
कार्यक्रम में कलाकारों ने गोंडी, हल्बी और बिंझवारी सहित विभिन्न जनजातीय लोकनृत्यों की प्रस्तुति दी। मांदर और झांझ की थाप पर कलाकारों ने दर्शकों का मन मोह लिया। स्कूली बालिकाओं ने भी जनजातीय लोकगीतों पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। पारंपरिक वेशभूषा और आभूषणों ने जनजातीय संस्कृति की विशिष्ट पहचान को जीवंत किया।
शिक्षा, खेल और समाजसेवा के क्षेत्र की प्रतिभाएं सम्मानित
विधायक दीपेश साहू और विधायक ईश्वर साहू ने जनजातीय वीरों के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए उनके योगदान को प्रेरणादायक बताया। वहीं कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने जनजातीय समाज के लिए संचालित छात्रवृत्ति, छात्रावास, एकलव्य विद्यालय, कौशल विकास, स्वरोजगार और वन अधिकार पट्टा सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
समारोह में शिक्षा, खेल, कला, संस्कृति, समाजसेवा, शासकीय सेवा और कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जनजातीय युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों को शाल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग और जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।