‘किसान तुहर टोकन’ ऐप से घर बैठे मिल रहा धान बेचने का टोकन, किसानों का समय बचा
रायपुर, छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए शुरू किया गया ‘किसान तुहर टोकन’ ऐप किसानों के लिए उपयोगी साबित हो रहा है। अब किसानों को धान बेचने के लिए टोकन लेने उपार्जन केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। वे मोबाइल के जरिए घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर निर्धारित केंद्रों में अपनी उपज बेच पा रहे हैं। इससे समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा निवासी किसान कौशल कुमार ने भी इस सुविधा का लाभ उठाया। उन्होंने ऐप के माध्यम से घर बैठे धान विक्रय का टोकन प्राप्त किया और पेंड्रा उपार्जन केंद्र में अपनी 14 क्विंटल 40 किलोग्राम धान की बिक्री की। किसान के मुताबिक, ऑनलाइन टोकन मिलने से उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई और पूरी प्रक्रिया पहले की तुलना में आसान रही।
इसी तरह मरवाही के किसान राजेश यादव ने भी मोबाइल से ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर मरवाही धान उपार्जन केंद्र में 82 क्विंटल धान बेचा। उन्होंने बताया कि घर बैठे टोकन मिलने से समय की बचत हुई और खरीदी केंद्र में धान बेचने की प्रक्रिया भी सुविधाजनक रही। दोनों किसानों ने इस व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया।
राज्य सरकार धान खरीदी व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल बढ़ा रही है। ‘किसान तुहर टोकन’ ऐप के जरिए किसान अपनी सुविधा के अनुसार घर से ही टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इससे खरीदी केंद्रों में टोकन के लिए होने वाली अनावश्यक भागदौड़ कम हो रही है और किसानों को अपनी उपज बेचने में सहूलियत मिल रही है।