बालोद में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार, 5 हजार से अधिक किसानों से 21,200 मीट्रिक टन धान की खरीदी
बालोद। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत बालोद जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य तेजी से जारी है। 20 नवंबर तक जिले के 5 हजार से अधिक किसानों से कुल 21,200.92 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। किसानों को बिना किसी परेशानी के धान बेचने की सुविधा देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर पूरी प्रक्रिया की लगातार निगरानी भी की जा रही है।
धान खरीदी के दौरान किसानों को होने वाली तकनीकी और अभिलेखीय समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन ने रकबा सुधार की व्यवस्था की है। जिले में कुल 1,58,572 किसानों का पंजीयन किया गया है, जिनमें से 5,743 किसानों का रकबा समिति मॉड्यूल में शून्य प्रदर्शित हो रहा था। इनमें से 20 नवंबर तक 3,140 किसानों के रकबे में सुधार किया जा चुका है। शेष प्रकरणों का निराकरण भी प्राथमिकता से किया जा रहा है, ताकि किसान आसानी से अपनी उपज बेच सकें।
दूसरी ओर, धान के अवैध भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए भी प्रशासन सख्ती बरत रहा है। जिले में जांच के दौरान 6 कोचियों के पास अवैध रूप से भंडारित 306.4 क्विंटल धान जब्त किया गया है। संबंधित लोगों के खिलाफ मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने वास्तविक किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ दिलाने के लिए नियमित जांच जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
इधर, कस्टम मिलिंग के तहत चावल जमा करने में देरी करने वाले राइस मिलरों पर भी कार्रवाई की तैयारी है। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने राइस मिलरों की बैठक लेकर खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में उठाए गए धान के विरुद्ध चावल जमा करने की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान निर्धारित समय-सीमा में चावल जमा नहीं करने वाले 9 राइस मिलरों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने संबंधित मिलरों को एक सप्ताह के भीतर राज्य पूल (पीडीएस) में बकाया चावल जमा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कस्टम मिलिंग के कार्य में लापरवाही और निर्धारित समय-सीमा का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का पालन नहीं करने वाले मिलरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।