चार जिलों में निर्माण कार्यों का निरीक्षण, लापरवाही पर ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश
छत्तीसगढ़ लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने दो दिवसीय दौरे के दौरान जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में विभिन्न निर्माण एवं सड़क संधारण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों, पुल-पुलियों, कॉलेजों, अस्पतालों और अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। निर्माण कार्यों में देरी और सड़क रखरखाव में लापरवाही सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों की बैंक गारंटी राजसात करने और सुधार नहीं होने पर ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने दरिमा-मैनपाट और बरियो-धौरपुर मार्ग पर संधारण कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क रखरखाव की जिम्मेदारी तय की जाए और निर्धारित मानकों के अनुसार काम नहीं करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई हो। वहीं सोनतराई-मैनपाट मार्ग पर कमलेश्वरपुर थाना चौक से मंदिर तक 1.20 किलोमीटर सड़क को फोरलेन बनाने के लिए संशोधित प्रस्ताव तैयार करने को कहा। दरिमा एयरपोर्ट के सामने सड़क की री-कारपेटिंग और बीसीएएस मानकों के अनुरूप बाउंड्रीवॉल निर्माण का प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए।
कमलेश्वरपुर में निर्माणाधीन कॉलेज भवन की प्रगति की समीक्षा करते हुए सचिव ने 15 दिसंबर तक भूतल के 50 प्रतिशत स्लैब और 15 जनवरी 2027 तक पूरे स्लैब का निर्माण पूरा करने की समय-सीमा तय की। वहीं मेडिकल कॉलेज अस्पताल भवन के निर्माण में धीमी गति पर संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अनुभवी अभियंता की नियुक्ति और अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने को कहा। इसके अलावा भूमि सीमांकन, अवैध कब्जा हटाने और निर्माण स्थल पर फेंसिंग कराने के निर्देश भी दिए।
सूरजपुर जिले में बिशुनपुर-सूरजपुर-ओड़गी मार्ग पर डामरीकरण का कार्य तत्काल शुरू करने को कहा गया। वहीं 27 किलोमीटर लंबे तारा-प्रेमनगर-रामानुजनगर-कृष्णपुर मार्ग के निर्माण की समीक्षा में ठेकेदार ने जून 2027 तक सभी कार्य पूरे करने का आश्वासन दिया। सचिव ने डामरीकरण जल्द शुरू कर गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सूरजपुर ऑडिटोरियम की मरम्मत, कलेक्टर बंगले में अतिरिक्त कक्ष निर्माण और अन्य विकास कार्यों की भी समीक्षा की।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में 89 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से उन्नयन किए गए 29.20 किलोमीटर लंबे राजपुर-प्रतापपुर मार्ग का भी निरीक्षण किया गया। यह सड़क पांच वर्ष की परफॉर्मेंस गारंटी अवधि में है। सचिव ने सड़क की स्थिति और रखरखाव व्यवस्था का जायजा लिया। दो दिवसीय निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी, गुणवत्ता मानकों का पालन और समय-सीमा में काम पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में लापरवाही और गुणवत्ता से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।