अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पर्यटन की धूम, बस्तर के अनछुए नजारों ने जीता दिल्लीवासियों का दिल
चित्रकोट जलप्रपात का प्रतिरूप, वीआर तकनीक और लोक संस्कृति बनी आकर्षण का केंद्र
नई दिल्ली/रायपुर, 22 नवंबर 2026। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध लोक संस्कृति और पर्यटन स्थलों की झलक लोगों को आकर्षित कर रही है। रविवार को अवकाश के चलते मेले में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों के बीच छत्तीसगढ़ पवेलियन खास आकर्षण का केंद्र रहा। पर्यटन विभाग के स्टॉल पर बस्तर के अनछुए पर्यटन स्थलों की तस्वीरें, चित्रकोट जलप्रपात का आकर्षक प्रतिरूप और आधुनिक वीआर तकनीक के जरिए लोगों को प्रदेश की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विविधता से परिचित कराया जा रहा है।
बस्तर के हांदवाड़ा जलप्रपात, ढोलकल गणेश प्रतिमा, बीजापुर के नंबी जलप्रपात और कोंडागांव के टाटामारी पर्यटन स्थल को लेकर आगंतुकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पर्यटन विभाग के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी प्रमिल वर्मा ने लोगों को इन पर्यटन स्थलों की विशेषताओं और उनकी संभावनाओं की जानकारी दी। वहीं, विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा की अनूठी परंपराओं और जनजातीय संस्कृति के बारे में जानने में भी लोगों ने रुचि दिखाई। इसके अलावा गिरौदपुरी धाम के विशाल जैतखाम और प्रदेश के धार्मिक पर्यटन स्थलों की जानकारी भी आकर्षण का हिस्सा रही।
पवेलियन में चित्रकोट जलप्रपात के प्रतिरूप के सामने सेल्फी लेने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। वहीं, वीआर जोन के माध्यम से आगंतुकों ने एक ही स्थान पर बैठकर छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध जलप्रपातों और पर्यटन स्थलों का आभासी भ्रमण किया। युवाओं और बच्चों में इस आधुनिक तकनीक को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने छत्तीसगढ़ी लोकगीतों और नृत्यों की प्रस्तुतियां देकर मेले में सांस्कृतिक रंग भी बिखेरे।
इस दौरान बिल्हा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण किया और विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, हस्तशिल्प, कोसा साड़ियों और पर्यटन स्थलों के प्रदर्शन की सराहना की। कौशिक ने कहा कि बस्तर में शांति और सुरक्षा का बेहतर वातावरण बनने से पर्यटन की नई संभावनाएं विकसित हो रही हैं। इको-टूरिज्म, जनजातीय संस्कृति और प्राकृतिक पर्यटन के माध्यम से छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकता है।
व्यापार मेले के माध्यम से छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग प्रदेश के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ स्थानीय रोजगार की संभावनाओं को भी सामने रख रहा है। बस्तर सहित प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं, हस्तशिल्पियों और ग्रामीण परिवारों को आजीविका के नए अवसर मिल सकते हैं। पवेलियन में उमड़ रही भीड़ प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, लोक परंपराओं और पर्यटन स्थलों के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शा रही है।