प्रकाश पर्व समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, गुरुद्वारे में टेका मत्था
रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर भिलाई के गुरुद्वारा श्री सिंह सभा, सेक्टर-6 में आयोजित प्रकाश पर्व समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने समारोह में उपस्थित सिख समाज के संतजनों, पदाधिकारियों, माताओं-बहनों और युवाओं को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की जयंती को प्रकाश पर्व के रूप में मनाया जाता है। इस पावन अवसर पर गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाने का अवसर मिलना सभी के लिए सौभाग्य की बात है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व का यह अवसर श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है। उन्होंने सिख समाज के संतजनों एवं समाज के लोगों का आशीर्वाद और मार्गदर्शन निरंतर मिलते रहने की कामना भी की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धाभाव से लंगर में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी गुरुद्वारे में मत्था टेका और लंगर में प्रसाद ग्रहण किया। समारोह में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, प्रेम प्रकाश पांडेय सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित सिख समाज के संतजन, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।