भिलाई को 154 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, सड़क, ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम की घोषणा
रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भिलाई के खुर्सीपार में आयोजित कार्यक्रम में 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए 27 करोड़ रुपये और भिलाई नगर में ऑडिटोरियम एवं इंडोर स्टेडियम निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कुरुद-जुनवानी-कोहका मार्ग से साकेत नगर, कुरुद बस्ती एवं सुंदर विहार तक सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। वहीं जुनवानी-कोहका-कुरुद मार्ग में कोसानाला से कुटेला मार्ग एवं कुटेलाभाठा सड़क निर्माण के लिए 14 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की बात कही। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और नागरिकों को राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बीएसपी टाउनशिप के रिटेंशन आवासों के किराए में बढ़ोतरी का उल्लेख करते हुए बताया कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से चर्चा के बाद मासिक किराया घटाकर 6 रुपये करने का निर्णय लिया गया, जिससे हजारों परिवारों को राहत मिली है। उन्होंने प्रदेश में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विकास कार्य किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यश ड्रीम चिटफंड कंपनी के निवेशकों को बड़ी राहत देते हुए 3,000 निवेशकों के खातों में कुल 3 करोड़ 16 लाख 54 हजार 889 रुपये की राशि अंतरित की। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0, पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और आयुष्मान भारत योजना के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र एवं कार्ड वितरित किए गए। श्रमिकों, महिला स्व-सहायता समूहों और मत्स्य विभाग के हितग्राहियों को भी विभिन्न योजनाओं के तहत सहायता प्रदान की गई।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश में पिछले तीन वर्षों के दौरान गांवों और शहरों में तेजी से विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने बताया कि भिलाई नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए 886 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद विजय बघेल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक ललित चंद्राकर, रिकेश सेन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, महापौर नीरज पाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।