मोहला में अवैध धान भंडारण पर कार्रवाई, दो व्यापारियों से 40 क्विंटल धान जब्त
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में अवैध धान भंडारण और कोचियों पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है। खाद्य विभाग और संबंधित अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मोहला में दो व्यापारिक प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान कुल 40 क्विंटल धान जब्त किया है।
खाद्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान व्यापारी श्रवण साहू के प्रतिष्ठान एस.के. ट्रेडर्स में 15 क्विंटल और सलीम खान के प्रतिष्ठान एच.वी. एंड संस में 25 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया। टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों से धान जब्त कर लिया है।
मामले में संबंधित व्यापारियों के खिलाफ मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रकरण तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
जिला प्रशासन का कहना है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अवैध भंडारण, परिवहन और कोचिया-बिचौलियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।