धमतरी में अवैध धान भंडारण पर प्रशासन का छापा, चार प्रतिष्ठानों से 245 क्विंटल से ज्यादा धान जब्त
छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच अवैध भंडारण और कारोबार पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने चार अलग-अलग प्रतिष्ठानों में औचक जांच कर 614 कट्टा धान जब्त किया है। जब्त धान की कुल मात्रा 245.60 क्विंटल है। जांच में अनियमितताएं मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
कलेक्टर के निर्देश पर गठित संयुक्त जांच दल ने नगरी क्षेत्र के विभिन्न गोदामों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान भंडारित धान की मात्रा और उससे जुड़े दस्तावेजों का मिलान किया गया। जांच में भंडारण संबंधी नियमों का पालन नहीं होने और दस्तावेजों में अनियमितताएं मिलने पर जब्ती की कार्रवाई की गई।
प्रशासन के अनुसार, बेलरगांव में भानुराम साहू के गोदाम से 81 कट्टा (32.40 क्विंटल), गट्टासिल्ली स्थित एसके फूड्स मिल से 233 कट्टा (93.20 क्विंटल) और सफीका धान कुटाई केंद्र से 140 कट्टा (56 क्विंटल) धान जब्त किया गया। वहीं, गेदरा स्थित रजा राइस इंडस्ट्रीज के गोदाम से 160 कट्टा (64 क्विंटल) धान बरामद किया गया। जब्त धान को संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों की सुपुर्दगी में रखा गया है।
धान खरीदी में गड़बड़ी रोकने प्रशासन की निगरानी
जिला प्रशासन की ओर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान अवैध भंडारण, अनधिकृत परिवहन और बिचौलियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसके लिए धान खरीदी केंद्रों, राइस मिलों, गोदामों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी तरह की अनियमितता या अवैध गतिविधि सामने आने पर संबंधित लोगों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य समर्थन मूल्य पर खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखना और वास्तविक किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना है।