नेलसनार में बाढ़ के बीच प्रशासन की मानवीय पहल, फंसे यात्रियों को कराया भोजन
बीजापुर, भैरमगढ़ के समीप नेलसनार क्षेत्र में बाढ़ के कारण नेशनल हाईवे पर आवागमन प्रभावित होने से कई यात्री रास्ते में फंस गए। ऐसे में जिला प्रशासन ने मानवीय पहल करते हुए फंसे यात्रियों के लिए भोजन की व्यवस्था की।
26 सितंबर को दिन के समय करीब 150 यात्रियों और रात में लगभग 70 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया। बाढ़ के बीच प्रशासन की इस पहल से रास्ते में फंसे यात्रियों को राहत मिली और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई।
कलेक्टर विश्वदीप के मार्गदर्शन में एसडीएम, तहसीलदार और मैदानी अमला लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमों द्वारा राहत एवं बचाव कार्य प्राथमिकता के साथ संचालित किए जा रहे हैं।
प्रशासन की ओर से आवश्यकता के अनुसार प्रभावित और फंसे लोगों तक भोजन सहित अन्य जरूरी सहायता पहुंचाई जा रही है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से बाढ़ प्रभावित मार्गों पर अनावश्यक आवागमन से बचने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।