डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के नाम पर होगा अहिवारा शासकीय महाविद्यालय, मुख्यमंत्री ने की घोषणा
भिलाई-3 में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी श्रद्धांजलि, जनसेवा में उनके योगदान को किया याद
रायपुर, अहिवारा के दिवंगत विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए अहिवारा स्थित शासकीय महाविद्यालय का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्ग जिले के भिलाई-3 स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में यह घोषणा की। इस दौरान उन्होंने दिवंगत विधायक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डोमन लाल कोर्सेवाड़ा का निधन छत्तीसगढ़ के राजनीतिक और सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका पूरा जीवन समाज सेवा और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। विशेष रूप से अनुसूचित जाति समाज के विकास, सामाजिक सशक्तीकरण और क्षेत्र की प्रगति में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग उन्हें आत्मीयता से ‘गुरुजी’ कहकर बुलाते थे। यह संबोधन उनके सरल स्वभाव, व्यवहार और समाज में उनके प्रति सम्मान को दर्शाता था। वे मृदुभाषी और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। जनसेवा के प्रति उनकी निष्ठा और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने दिवंगत विधायक से जुड़े कुछ आत्मीय प्रसंग भी साझा किए। उन्होंने बताया कि जब कोर्सेवाड़ा उपचार के लिए हैदराबाद में भर्ती थे, तब उन्होंने स्वयं फोन कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। साथ ही स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को भी हैदराबाद जाकर उनका हालचाल जानने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी को उनके स्वस्थ होकर लौटने की उम्मीद थी, लेकिन उनका निधन बेहद पीड़ादायक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में कोर्सेवाड़ा ने हमेशा क्षेत्र के विकास और आम लोगों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी। उनके योगदान और स्मृतियों को सम्मान देने के उद्देश्य से शासकीय महाविद्यालय का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा।
श्रद्धांजलि सभा में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और जगदलपुर विधायक किरण देव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चन्द्राकर, जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में नागरिक और अधिकारी मौजूद रहे।