बिलासपुर में 80 कारों की ऑटोमेटेड पार्किंग शुरू, मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण
बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को बिलासपुर के पुराना बस स्टैंड परिसर में प्रदेश की पहली शटल तकनीक आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग का लोकार्पण किया। करीब 12.60 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस आधुनिक पार्किंग में एक साथ 80 कारें खड़ी की जा सकेंगी। इसके शुरू होने से पुराना बस स्टैंड और आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में पार्किंग की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के शहरों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ना और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकता है। बढ़ते शहरीकरण के बीच पार्किंग की समस्या दूर करने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना सीमित जगह में अधिक वाहनों की पार्किंग उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
पांच मंजिला इस पार्किंग भवन में भूतल सहित कुल पांच स्तर बनाए गए हैं। पहले से चौथे तल तक प्रत्येक मंजिल पर 20 कारें खड़ी करने की व्यवस्था है। इसकी खासियत शटल तकनीक है, जिसके माध्यम से कार बिना चालक के निर्धारित स्थान पर पहुंचकर पार्क हो जाएगी। वाहन चालक को केवल भूतल पर बने प्रवेश बे में कार खड़ी करनी होगी, इसके बाद स्वचालित प्रणाली कार को संबंधित पार्किंग स्लॉट तक पहुंचाएगी।
वाहन वापस लेने के लिए अनुरोध करने पर यही प्रणाली कार को निकास बे तक पहुंचा देगी। पार्किंग में दो वाहन एलिवेटर, दो प्रवेश और दो निकास बे बनाए गए हैं। सुरक्षा के लिए अग्नि पहचान एवं अग्निशमन प्रणाली, विद्युत बैकअप और स्वचालित निगरानी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसकी संचालन क्षमता लगभग 60 वाहन प्रति घंटा निर्धारित की गई है।
इस सुविधा से पुराना बस स्टैंड और आसपास के बाजार क्षेत्रों में सड़क किनारे होने वाली अव्यवस्थित पार्किंग कम होने तथा यातायात सुगम बनने की उम्मीद है। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला और धरमलाल कौशिक, महापौर पूजा विधानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।