बिलासपुर में 17 नवंबर को होगा स्वनिधि महोत्सव
बिलासपुर। पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 17 नवंबर को बिलासपुर में स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और सूडा द्वारा लालबहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि होंगे, जबकि उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
महोत्सव के दौरान पथ विक्रेताओं के ई-पंजीयन की शुरुआत की जाएगी। साथ ही हितग्राहियों को चेक और निःशुल्क यूपीआई पेमेंट बॉक्स वितरित किए जाएंगे। स्वनिधि चौपाल के माध्यम से केंद्रीय राज्य मंत्री और उप मुख्यमंत्री पथ विक्रेताओं से सीधे संवाद करेंगे। कार्यक्रम में स्ट्रीट वेंडर्स द्वारा फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे और पीएम स्वनिधि योजना पर आधारित प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।
योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंकों और उनकी शाखाओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा संभाग के नौ लाभार्थियों और बेहतर प्रदर्शन करने वाले नगर निगमों, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों को भी सम्मानित किया जाएगा। लाभार्थियों के प्रतिभावान बच्चों को भी सम्मान मिलेगा।
महोत्सव में वित्तीय साक्षरता और डिजिटल भुगतान को लेकर विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित होंगी। भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारी पथ विक्रेताओं को वित्तीय समावेशन और बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी देंगे। वहीं डिजिटल पेमेंट एग्रीगेटर्स द्वारा ऑनलाइन लेन-देन के फायदे और उपयोग के बारे में बताया जाएगा। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।
इस अवसर पर विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया और अटल श्रीवास्तव सहित महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी तथा विभिन्न निगमों और संस्थाओं के पदाधिकारी शामिल होंगे।