गोपाष्टमी पर राज्यपाल रमेन डेका ने की गौमाता की पूजा, पक्षी घर का किया लोकार्पण
गोपाष्टमी के अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने परसदा, कुम्हारी स्थित विश्वगीता धेनु गोविंद पक्षी सेवा धाम पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण और गौमाता की पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान राज्यपाल ने गौधाम में नवनिर्मित पक्षी घर का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव भी मौजूद रहे। राज्यपाल ने गौशाला का भ्रमण कर गौमाता को चारा खिलाया और उनकी सेवा की।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति और अर्थव्यवस्था का अभिन्न अंग हैं। गोपाष्टमी भगवान श्रीकृष्ण के गोपाल स्वरूप और गौमाता के प्रति श्रद्धा का पर्व है। उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बीमार, घायल, वृद्ध और बेसहारा गोवंश की देखभाल करना भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सड़कों पर बढ़ते यातायात के कारण गोवंश के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं सामने आती हैं। ऐसे में घायल पशुओं को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए गौ अस्पताल और रेस्क्यू सेंटर की आवश्यकता है।
राज्यपाल ने भारतीय अर्थव्यवस्था में गोवंश के पारंपरिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले गांवों में गोबर का उपयोग घर निर्माण, जैविक खाद और अन्य कार्यों में किया जाता था। आज बदलती जीवनशैली के बीच प्रकृति के अनुकूल जीवन पद्धति अपनाने की जरूरत है। गोबर से बायोगैस और जैविक खाद के उत्पादन को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत किया जा सकता है।
उन्होंने लोगों से गौशालाओं में जाकर गौसेवा में सहभागी बनने की अपील की। राज्यपाल ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक ऐसा कार्य जरूर करना चाहिए, जिसमें किसी प्रकार के लेन-देन की भावना न हो और जिससे समाज का भला हो। गौसेवा और सतत विकास की अवधारणा एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं।
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गोबर से बनी खाद के उपयोग से मिट्टी की उर्वरता और खेती की गुणवत्ता बढ़ाई जा सकती है। वहीं प्रेरक वक्ता उज्ज्वल पाटनी ने भी लोगों से गौसेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
गौधाम के संरक्षक गोपाल प्रसाद सुल्तानिया ने बताया कि सड़कों पर गोवंश की दुर्दशा और उनकी देखभाल की आवश्यकता को देखते हुए इस गौधाम की परिकल्पना की गई थी। कार्यक्रम में प्रमुख ट्रस्टी सुधीर सुल्तानिया ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा, संपत अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, गौसेवक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।