बहतराई में सजेगा खेल का महासंग्राम, 571 खिलाड़ी दिखाएंगे हुनर
बिलासपुर, बिलासपुर के स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य प्रशिक्षण केंद्र बहतराई में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों के मार्च पास्ट की सलामी लेकर और गुब्बारे छोड़कर प्रतियोगिता की शुरुआत की। प्रदेश के पांचों संभागों से आए 571 खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
10 अक्टूबर तक चलने वाली प्रतियोगिता में बस्तर, बिलासपुर, रायपुर, सरगुजा और दुर्ग संभाग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग की तीरंदाजी, 19 वर्ष आयु वर्ग की हॉकी तथा 19 वर्ष बालक वर्ग की कबड्डी के मुकाबले होंगे। खेल प्रतियोगिताएं बहतराई के एस्ट्रोटर्फ, इंडोर स्टेडियम और तीरंदाजी मैदान में आयोजित की जा रही हैं।
अरुण साव ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि बहतराई की खेल भूमि ने देश और प्रदेश को कई प्रतिभावान खिलाड़ी दिए हैं। उन्होंने बताया कि इसी मैदान से खेलकर संजू देवी ने एशियन गेम्स कबड्डी में स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि मधु सिदार और गीता यादव ने अंडर-19 महिला हॉकी में देश का गौरव बढ़ाया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश ‘जो खेलेगा, वही खिलेगा’ का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों से पूरे आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि खेल के मैदान में कोई हारता नहीं है, बल्कि खिलाड़ी या तो जीतता है या सीखता है। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत बताई। साथ ही बहतराई खेल परिसर को मध्य भारत के उत्कृष्ट खेल संस्थानों में विकसित करने के लिए इसके उन्नयन पर जोर दिया।
शुभारंभ कार्यक्रम में पीएमश्री कन्या विद्यालय सरकंडा की छात्राओं ने भारत माता की वंदना सहित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। तेज धूप के बीच छात्राओं की शानदार प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विधायक सुशांत शुक्ला ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाने के लिए 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, दीपक सिंह, मोहित जायसवाल और जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश की युवा खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने और आगे बढ़ने का मंच मिल रहा है।