दंतेवाड़ा में बनेगी जनजातीय गौरव वाटिका, मेला-मड़ई के संरक्षण की भी होगी पहल
जनजातीय महानायकों के इतिहास से नई पीढ़ी को जोड़ने की तैयारी, स्कूली बच्चों को कराया जाएगा जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण
दंतेवाड़ा, जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने के लिए दंतेवाड़ा में जनजातीय गौरव वाटिका विकसित की जाएगी। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर स्थित मेंडका डोबरा मैदान में आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में इसकी घोषणा की। उन्होंने वन विभाग को गौरव वाटिका के निर्माण के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
समारोह को संबोधित करते हुए केदार कश्यप ने कहा कि जनजातीय समाज के वीरों ने देश की आजादी और संस्कृति की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय नायकों के संघर्ष और बलिदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है। उन्होंने मानगढ़ नरसंहार का उल्लेख करते हुए संत गोविंद गुरु के नेतृत्व में हुए आदिवासी आंदोलन और उसमें शहीद हुए लगभग 1,500 जनजातीय लोगों को याद किया। इसके साथ ही कोमाराम भीम, अल्लूरी सीताराम राजू और रानी कमलापति के योगदान का भी स्मरण किया।
जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए मंत्री ने कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने स्कूली बच्चों को छत्तीसगढ़ के जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण कराने की व्यवस्था करने को कहा। साथ ही जिले में पारंपरिक मेला-मड़ई के संरक्षण और बेहतर आयोजन के लिए कलेक्टर को विस्तृत रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए। जनजातीय गौरव वाटिका के माध्यम से भी समाज के महानायकों के जीवन और उनके योगदान को प्रदर्शित करने की योजना है।
कार्यक्रम के दौरान पद्मश्री सम्मानित डॉ. बुधरी ताती और डॉ. रामचंद्र गोडबोले को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों और विभिन्न उपलब्धियां हासिल करने वाले स्कूली विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। विधायक चैतराम अटामी और जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने भी जनजातीय लोककला, परंपराओं और महानायकों के योगदान को याद करते हुए उनके संरक्षण पर जोर दिया।
समारोह में जनजातीय संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। वहीं विभिन्न विभागों ने प्रदर्शनी लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख, मांझी-चालकी, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, प्रशासनिक अधिकारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।