बिरसा मुंडा के सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़
वनाधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों से जनजातीय समाज को सशक्त बनाने में जुटी राज्य सरकार
रायपुर। भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन पर अधिकार के साथ जनजातीय समाज की अस्मिता, स्वाभिमान और संस्कृति की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया था। उनका सपना ऐसा समाज बनाना था, जहां आदिवासी समुदाय अपने अधिकारों के साथ सम्मानपूर्वक जीवन जी सके। छत्तीसगढ़ सरकार इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दे रही है।
वनाधिकार अधिनियम के तहत प्रदेश में अब तक 4 लाख 88 हजार 079 व्यक्तिगत वनाधिकार पट्टे, 46 हजार 868 सामुदायिक पट्टे और 4 हजार 412 सामुदायिक संसाधन पट्टे वितरित किए जा चुके हैं। वहीं, पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन से अनुसूचित क्षेत्रों की ग्रामसभाओं को स्थानीय संसाधनों, परंपराओं और विकास से जुड़े फैसलों में अधिक अधिकार मिले हैं। इससे जनजातीय समुदाय की निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी और स्वशासन को मजबूती मिल रही है।
शिक्षा के क्षेत्र में भी जनजातीय विद्यार्थियों के लिए बेहतर अवसर तैयार किए जा रहे हैं। प्रदेश में संचालित 3,378 छात्रावासों और आश्रमों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दौरान 1 लाख 91 हजार 412 विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं। वहीं, 26 जिलों में संचालित 75 एकलव्य विद्यालयों के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में 162 पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। इसके अलावा 18 प्रयास विद्यालयों के विद्यार्थियों ने आईआईटी, एनआईटी, ट्रिपल आईटी और एमबीबीएस जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं में प्रवेश हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए पीएम जनमन योजना के तहत 57 मोबाइल मेडिकल यूनिट संचालित की जा रही हैं। ये यूनिट विशेष पिछड़ी जनजातियों की बस्तियों तक पहुंचकर प्राथमिक जांच, दवाइयां और जरूरत पड़ने पर बेहतर अस्पतालों में उपचार की सुविधा उपलब्ध करा रही हैं। दूसरी ओर, बस्तर में नियद नेल्ला नार योजना के माध्यम से सड़क, बिजली, पेयजल, संचार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। योजना के तहत 112 मोबाइल टावर, 107 आंगनबाड़ी केंद्र और 16 उप स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिससे दूरस्थ गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिल रही है।
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रदेश में हो रहे ये प्रयास भगवान बिरसा मुंडा के अधिकार, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता के विचारों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं। बस्तर सहित अन्य जनजातीय अंचलों में पर्यटन, हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण और वन आधारित उद्यमों के माध्यम से रोजगार के नए अवसर विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। इन पहलों से जनजातीय समाज को सशक्त बनाने के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।