आदिवासी अस्मिता और स्वतंत्रता संग्राम में छत्तीसगढ़ के जननायकों का रहा अहम योगदान
परलकोट विद्रोह से भूमकाल और जंगल सत्याग्रह तक, जनजातीय वीरों ने जल-जंगल-जमीन और अपने अधिकारों के लिए अंग्रेजी हुकूमत से लड़ी लड़ाई
रायपुर। छत्तीसगढ़ का इतिहास जनजातीय समाज के अदम्य साहस, संघर्ष और बलिदान की गौरवगाथाओं से भरा हुआ है। यहां के जननायकों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ न केवल स्वतंत्रता की लड़ाई लड़ी, बल्कि जल, जंगल और जमीन पर अपने अधिकारों तथा सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए भी संघर्ष किया। परलकोट विद्रोह से लेकर भूमकाल आंदोलन और जंगल सत्याग्रह तक जनजातीय वीरों ने अपने शौर्य और बलिदान से स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान दिया। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर इन महान नायकों का योगदान एक बार फिर याद किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ के इन स्वतंत्रता सेनानियों और जनजातीय नायकों की गाथाओं को संजोने के लिए नवा रायपुर में शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय बनाया गया है। देश के पहले डिजिटल जनजातीय संग्रहालय के रूप में विकसित इस परिसर में 14 दीर्घाओं और 650 मूर्तियों के माध्यम से विभिन्न ऐतिहासिक आंदोलनों और जननायकों के संघर्ष को प्रदर्शित किया गया है। इनमें शहीद वीर नारायण सिंह का योगदान विशेष महत्व रखता है। वर्ष 1856 के अकाल के दौरान ग्रामीणों को अनाज उपलब्ध कराने के कारण अंग्रेजों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। बाद में वे 1857 की क्रांति में अंग्रेजों के खिलाफ खड़े हुए और 10 दिसंबर 1857 को रायपुर के जयस्तंभ चौक पर उन्हें फांसी दे दी गई।
1857 की क्रांति से लगभग तीन दशक पहले ही बस्तर में परलकोट विद्रोह के माध्यम से अंग्रेजी और मराठा सत्ता के खिलाफ संघर्ष शुरू हो चुका था। इस विद्रोह का नेतृत्व शहीद गैंदसिंह ने किया था। वर्ष 1824-25 में उन्होंने जनजातीय समाज को संगठित कर अन्यायपूर्ण हस्तक्षेप के खिलाफ आवाज उठाई। अंग्रेजों और मराठों की संयुक्त सेना ने उन्हें गिरफ्तार कर 20 जनवरी 1825 को परलकोट में फांसी दे दी। इसके बाद वर्ष 1910 में बस्तर में भूमकाल विद्रोह हुआ, जिसके प्रमुख नायक वीर गुण्डाधूर थे। उन्होंने बेगारी, शोषण और वन अधिकारों पर अंग्रेजों के हस्तक्षेप के खिलाफ आदिवासियों को एकजुट किया। उनके सहयोगी डेबरीधुर को 29 मार्च 1910 को जगदलपुर के गोल बाजार में फांसी दी गई।
जनजातीय समाज के उत्थान और अधिकारों के लिए क्रांतिवीर कंगला मांझी, बंटू धुरवा, सुकदेव पातर और रामधीन गोंड जैसे जननायकों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कंगला मांझी ने जनजातीय समाज को संगठित करने के साथ अनुशासन और सामाजिक जागरूकता पर जोर दिया। वहीं सुकदेव पातर ने झंडा सत्याग्रह और रामधीन गोंड ने जंगल सत्याग्रह में सक्रिय भूमिका निभाई। दूसरी ओर संत रामेश्वर गहिरा गुरु ने शिक्षा, स्वच्छता और नशामुक्ति के माध्यम से समाज सुधार का अभियान चलाया। माता राजमोहिनी देवी ने भी नशाबंदी, महिला जागरूकता और सामाजिक सुधार के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। उन्हें वर्ष 1989 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
छत्तीसगढ़ के इन जननायकों का संघर्ष केवल अंग्रेजी शासन के विरोध तक सीमित नहीं था, बल्कि यह अपनी संस्कृति, परंपराओं, सामाजिक सम्मान और अधिकारों को बचाने की लड़ाई भी थी। इनके बलिदान और सामाजिक योगदान ने प्रदेश की जनजातीय विरासत को नई पहचान दी है। जनजातीय गौरव दिवस के माध्यम से इन महान विभूतियों के इतिहास और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी उनके साहस, त्याग और समाज के प्रति समर्पण से प्रेरणा ले सकें।