धनोरा में कलार महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री साय, बोले- समाज के हर वर्ग की उन्नति से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़
रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कोण्डागांव जिले के ग्राम धनोरा में आयोजित राजराजेश्वर भगवान सहस्रबाहु अर्जुन जयंती कलार महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान सहस्रबाहु अर्जुन के आदर्श न्याय, धर्मरक्षा और लोककल्याण की प्रेरणा देते हैं। कलार समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है और समाज ने शिक्षा, कृषि, व्यापार सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के हर वर्ग की उन्नति से ही समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण संभव है। राज्य सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को मंजूरी दी। प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू हो चुकी है। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए उपार्जन केंद्र भी शुरू किए गए हैं।
साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक बढ़ाकर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है। चरण पादुका योजना फिर शुरू की गई है और 5.5 लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूरों को हर साल 10 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या में दर्शन कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने बस्तर में शांति और विकास के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्रों में अब विकास सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 15 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से छह हजार से अधिक आवासों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने पीएम जनमन, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और सेवा डेरा जैसी पहलों की जानकारी भी दी। स्वस्थ बस्तर योजना के तहत 34 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण और 40 हजार से अधिक लोगों का उपचार किया गया है।
उन्होंने बताया कि किसानों और ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने के लिए पशुपालन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इंद्रावती नदी पर देउरगांव और मटनार में लगभग दो हजार करोड़ रुपये की दो सिंचाई परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जिनसे करीब 80 हजार एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिल सकेगी। सुशासन के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और सेवा सेतु पोर्टल शुरू किए गए हैं। सेवा सेतु के माध्यम से 38 विभागों की 900 से अधिक सेवाएं घर बैठे उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मितानिन बहनों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें मितानिन दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कलार समाज के ऐतिहासिक योगदान और सामाजिक एकता पर जोर दिया। कांकेर सांसद भोजराज नाग ने जनजातीय समाज की आस्था और परंपराओं के प्रति मुख्यमंत्री के सम्मान की सराहना की। केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने क्षेत्र में विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि 32 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत सब-स्टेशन का निर्माण पूरा हुआ है। कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक लता उसेंडी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।