ऑनलाइन टोकन से आसान हुई धान बिक्री, पात्र किसानों को मिलेगी 13,839 रुपये प्रति एकड़ की पूरी आदान सहायता
रायपुर, छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। पेयजल, तिरपाल और बारदाने की उपलब्धता के साथ घर बैठे ऑनलाइन टोकन मिलने से किसानों को धान बेचने में सहूलियत हो रही है। किसान निर्धारित समय पर अपनी उपज लेकर खरीदी केंद्र पहुंच रहे हैं और व्यवस्थाओं की सराहना कर रहे हैं।
बिलासपुर जिले के ग्राम छतौना के किसान दिनेश कुमार कौशिक 83 कट्टी धान लेकर उपार्जन केंद्र पहुंचे। उन्होंने बताया कि केंद्र में धान को ढकने के लिए तिरपाल, पर्याप्त बारदाने और पेयजल की व्यवस्था है। व्यवस्थित खरीदी से किसानों को परेशानी नहीं हो रही है। उन्होंने समर्थन मूल्य पर 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया।
इसी गांव के किसान विकास कुमार वर्मा ने बताया कि उन्होंने घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त किया और निर्धारित समय पर केंद्र पहुंचकर 54 क्विंटल धान बेचा। उनके अनुसार ऑनलाइन टोकन की सुविधा से खरीदी प्रक्रिया आसान हुई है। केंद्र में कर्मचारियों और समिति प्रबंधक का भी पूरा सहयोग मिला।
दोनों किसानों ने मुख्यमंत्री की उस घोषणा का स्वागत किया, जिसके तहत प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी 13,839 रुपये प्रति एकड़ की पूरी आदान सहायता दी जाएगी। किसानों का कहना है कि इस फैसले से कम उपज वाले छोटे किसानों को भी आर्थिक राहत मिलेगी।