राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर को करेंगी रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को सम्मानित
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार, पिछले वर्ष भी हासिल किया था सम्मान
रायपुर : स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में तीनों निकायों को सम्मान प्रदान करेंगी। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत इनका चयन राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए किया गया है। खास बात यह है कि तीनों शहरों को पिछले वर्ष भी स्वच्छ सर्वेक्षण में पुरस्कार मिला था।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित यह समारोह सुबह 11:30 बजे से शुरू होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल सहित चयनित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्वच्छता कर्मी समारोह में भाग लेंगे।
सफाई मित्रों और नागरिकों की भागीदारी से मिली उपलब्धि
स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में छत्तीसगढ़ के तीन शहरों ने राष्ट्रीय पुरस्कारों में जगह बनाई है। इस वर्ष सर्वेक्षण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल—बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई है। इसके माध्यम से स्वच्छता को केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक सहभागिता से जुड़ा अभियान बनाने पर जोर दिया गया है।
तीनों नगरीय निकायों में स्वच्छता गतिविधियों को आगे बढ़ाने में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ सफाई मित्रों तथा आम नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और जनभागीदारी बढ़ाने के प्रयासों के आधार पर प्रदेश के इन निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।